तेलंगाना में 17 माओवादियों का आत्मसमर्पण; सात राज्यों में एनआईए की छापेमारी

तेलंगाना में 17 माओवादियों का आत्मसमर्पण; सात राज्यों में एनआईए की छापेमारी

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम जिले में शुक्रवार को सीपीआई (माओवादी) के 17 कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने बताया कि ये लोग ऑपरेशन चेयुथा योजना के तहत आत्मसमर्पित माओवादियों और आदिवासियों को दी जा रही सुविधाओं से प्रभावित होकर सामने आए। इस साल अब तक जिला पुलिस के सामने 282 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने जारी बयान में कहा कि माओवादी अब तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्रों में सक्रिय हैं और ग्रामीणों से उन्हें किसी भी सहयोग से बचने की अपील की गई है।

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने ब्रिटिश समकक्ष से की बातचीत, रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर जोर
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष एडमिरल सर टोनी राडाकिन के साथ मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने नई दिल्ली स्थित एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय में अपनी बैठक के दौरान द्विपक्षीय सैन्य सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। यह भागीदारी हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों के रणनीतिक रक्षा साझेदारी और समुद्री सहयोग के विस्तार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

रिश्वतखोरी में बिहार व असम में बैंक शाखा प्रबंधक गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बिहार और असम में विभिन्न बैंकों के दो शाखा प्रबंधकों समेत तीन लोगों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी के अनुसार, बिहार में सीतामढ़ी जिले के बिहार ग्रामीण बैंक की बभनगामा ब्रांच के शाखा प्रबंधक और एक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले से स्वीकृत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत मिलने वाले अनुदान को जारी करने की एवज में रिश्वत मांगी।  वहीं, असम में एक अन्य मामले में सीबीआई ने नलबाड़ी जिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की धमधामा शाखा के प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

रिश्वतखोरी में गिरफ्तार ईडी के उप निदेशक को 14 दिन हिरासत में भेजा
ओडिशा में 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार प्रवर्तन निदेशालय के एक उप निदेशक को विशेष सीबीआई अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया, चिंतन रघुवंशी ने ढेंकनाल में पत्थर खनन का कारोबार करने वाले व्यवसायी रतिकांत राउत से उसके खिलाफ दर्ज ईडी के एक मामले में राहत दिलाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। केंद्रीय एजेंसी को सूचना मिली थी कि रघुवंशी राउत से रिश्वत की पहली किस्त लेने जा रहा है। इसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

गोवा बना देश का पहला 100 प्रतिशत साक्षर राज्य : सीएम प्रमोद सावंत
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को घोषणा की कि गोवा ने उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 100 प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य हासिल कर लिया है। यह कार्यक्रम केंद्र प्रायोजित योजना है जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है और 15 वर्ष से अधिक आयु के उन अशिक्षित लोगों को साक्षर बनाने पर केंद्रित है। सावंत ने 39वें राज्योत्सव समारोह के दौरान गोवा के पूर्ण साक्षर राज्य बनने की घोषणा की।

ओडिशा में पत्रकार के साथ बर्बरता मामले का मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान
ओडिशा के बलांगीर जिले के कुलथीपाली गांव में 25 मई को एक टीवी पत्रकार पर हुए क्रूर हमले की खबरों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वत: संज्ञान लिया। खबरों के अनुसार, पत्रकार बिजय प्रधान एक निजी ओडिया समाचार चैनल के लिए निर्माण स्थल पर भ्रष्टाचार की जांच कर रहे थे। उस समय अचानक कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्रकार के हाथ-पैर बांधकर उन्हें गांव में घुमाया और फिर एक खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई की। हमले में उनकी मोबाइल फोन और वीडियो कैमरा तोड़ दिए गए, साथ ही उन्हें घटना या निर्माण स्थल की अनियमितताओं को सार्वजनिक करने के खिलाफ धमकी दी गई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बिजय को लात मारते और घसीटते हुए देखा जा सकता है। दो घंटे तक उनके साथ बर्बरता की गई, हमले में उनके कान का परदा फट गया। वह वर्तमान में अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। 

जिस स्टोर रूम में जले मिले थे नोट, वह जस्टिस वर्मा के नियंत्रण में था: सुप्रीम कोर्ट की समिति
इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के घर से बरामद बेहिसाब नकदी के मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित जांच समिति ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि जिस स्टोर रूम में जली हुई नकदी मिली थी, वह जस्टिस वर्मा और उनके परिवार के सक्रिय नियंत्रण में था। समिति ने यह भी कहा है कि आरोप इतने गंभीर हैं कि जस्टिस वर्मा को हटाने के लिए कार्यवाही शुरू की जानी चाहिए। सूत्रों ने बताया कि जांच समिति ने जस्टिस वर्मा के उस दावे को सिरे से ठुकरा दिया, जिसमें कहा गया था कि जिस स्टोर रूम में नकदी मिली, वह उनके और उनके परिवार के नियंत्रण में नहीं था। रिपोर्ट में कहा गया है कि गवाहों के बयानों से स्पष्ट हुआ है कि स्टोर रूम में जस्टिस वर्मा और उनके परिवार के लोगों के अलावा किसी और को स्टोर रूम में जाने की अनुमति नहीं थी। सूत्रों ने यह भी कहा कि समिति को कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे पता चलता है कि आग की घटना सामने आने के बाद 15 मार्च को जली हुई नकदी को स्टोर रूम से हटा दिया गया था। 

मनरेगा घोटाला: जमानत मिलते ही मंत्री खाबड़ का बेटा दूसरे मामले में गिरफ्तार
गुजरात सरकार में पंचायत और कृषि राज्य मंत्री बच्चूभाई खाबड़ के बेटे किरण को मनरेगा कार्यों से जुड़े पहले मामले में जमानत मिलने के तुरंत बाद दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। बच्चूभाई के बेटे किरण को दाहोद में उजागर हुए 71 करोड़ के मनरेगा घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए दो सप्ताह पहले गिरफ्तार किया गया था। किरण को बृहस्पतिवार रात को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे दाहोद पुलिस ने दर्ज एक नए मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस उपाधीक्षक जगदीश सिंह भंडारी ने कहा कि नई एफआईआर के अनुसार किरण समेत कुछ एजेंसियों ने मनरेगा के तहत उन्हें आवंटित कार्य पूरा किए बिना ही सरकार से भुगतान हासिल कर लिया। दाहोद बी डिवीजन पुलिस की ओर से एजेंसी मालिकों और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज की गई नई एफआईआर के अनुसार, दाहोद के लावारिया गांव में मनरेगा के तहत अधूरे काम के बावजूद एजेंसियों को 18.41 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।

खरगे का दावा- इस सरकार के कार्यकाल में बैंक धोखाधड़ी 416 फीसदी तक बढ़ी; कहा- जालसाजी सरकार की रगों में
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले 11 वर्षों में बढ़ती बैंक धोखाधड़ी को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जालसाजी सरकार की रगों में है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में बैंक धोखाधड़ी में 416% की बढ़ोतरी हुई है। खरगे ने एक पोस्ट में कहा, मोदी सरकार के 11 साल में 6,36,992 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले हुए हैं, यह 416 % की वृद्धि को दर्शाता है। नोटबंदी के बाद भी पिछले 6 साल में 500 रुपये के नकली नोटों की संख्या में 291 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस साल यह सर्वाधिक है। मोदी की इस टिप्पणी पर कि उनकी रगों में ‘सिंदूर’ बहता है, कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा, हम नहीं जानते कि आपकी रगों में क्या है, लेकिन यह तय है कि आपकी सरकार की रगों में धोखाधड़ी और जालसाजी जरूर है। किसी देश ने पाक को आतंकवादी देश नहीं कहा…कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को केंद्र की विदेश नीति पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इसका नतीजा ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान और उसके बाद देखने को मिला। खेड़ा ने एक बातचीत में कहा, किसी भी देश ने पाकिस्तान को आतंकवादी देश नहीं कहा।

सात राज्यों में एनआईए की छापेमारी

एनआईए ने देश में आतंकी गठजोड़ को लेकर कई जगह छापेमारी की। एनआईए ने राजधानी दिल्ली समेत सात राज्यों में छापेमारी की और 15 ठिकानों को खंगाला। जिन राज्यों में छापेमारी की गई उनमें दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और असम शामिल हैं। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *