जंग के बीच पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत; कतर से 500 भारतीय बचाकर लाए गए

जंग के बीच पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत; कतर से 500 भारतीय बचाकर लाए गए

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब तेरहवें दिन में प्रवेश कर चुका है। होमुर्ज में जहाजों पर हमले जारी है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है। भारत ने कहा है कि तेजी से बदलती परिस्थितियों पर सरकार की पैनी नजर है।

पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत

पश्चिए एशिया में संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की है। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में गंभीर स्थिति पर चर्चा की।ईरानी राष्ट्रपति के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने बढ़ते तनाव, नागरिकों की जानमाल की हानि और नागरिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की।

कतर से 500 भारतीयों को बचाकर लाया गया

कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीयों को बुधवार को नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए सुरक्षित निकाला गया। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी देते हुए पश्चिम एशियाई देश में फंसे लोगों को किसी भी अज्ञात वस्तु, मलबे या टुकड़े के पास जाने से बचने की चेतावनी दी। सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीय 11 मार्च को कतर एयरवेज की उड़ानों से नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए रवाना हुए। दूतावास ने कहा कि भारतीय समुदाय की किसी भी पूछताछ के लिए उसकी चौबीसों घंटे चलने वाली तीन हेल्पलाइन उपलब्ध हैं और साथ ही यह भी कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए पासपोर्ट शीघ्र जारी करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के कारण, हम पासपोर्ट आवेदन लेने के लिए सप्ताह के सभी दिन खुले हैं। तत्काल पासपोर्ट 1-2 दिनों के भीतर जारी किए जा रहे हैं।

ईरान के हमलों से दो तेल टैंकरों में आग, ट्रंप का युद्ध जीतने का दावा खोखला

ईरान की विस्फोटक सामग्री से लदी नौकाओं के हमले से बृहस्पतिवार को इराक के एक बंदरगाह पर दो टैंकर आग की चपेट में आ गए। इन हमलों ने मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति ठप कर दी है। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खोखला साबित कर दिया कि युद्ध जीता जा चुका है। बसरा बंदरगाह पर ली गई तस्वीरों में जहाजों को आग की विशाल लपटों में घिरा हुआ दिखाया गया है, जिससे रात को भी आसमान जगमगा उठा। इराकी अधिकारियों ने इन हमलों के लिए ईरानी नौकाओं को जिम्मेदार ठहराया है। इनमें चालक दल के कम से कम एक सदस्य की मौत हो गई जिसकी पहचान भारतीय बताई गई है। इससे कुछ घंटे पहले ही खाड़ी में तीन अन्य जहाजों पर हमले हुए। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इनमें से एक हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला एक थाई मालवाहक पोत पर हुआ था, जिसे गार्ड्स ने अपने आदेशों का उल्लंघन करने वाला बताया था। बृहस्पतिवार को संयुक्त अरब अमीरात के पास एक अन्य मालवाहक पोत पर अज्ञात मिसाइल से हमला होने की सूचना मिली।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित
ईरान के लंबी दूरी के हथियारों को नष्ट करने के अमेरिकी और इस्राइली दावों को झूठा ठहराते हुए बृहस्पतिवार को कुवैत, इराक, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और ओमान के आसमान में और अधिक ईरानी ड्रोन देखे गए। लेबनान के ईरान समर्थित हिजबुल्ला ने युद्ध के दौरान इस्राइल पर रॉकेटों का सबसे बड़ा हमला किया, जिसके जवाब में इस्राइल ने भी बेरूत पर नए सिरे से हमले किए।

यूएई में शाखाएं बंद करेगा सिटीबैंक
सिटीबैंक ने घोषणा की है कि वह संयुक्त अरब अमीरात में अपनी शाखाओं को अस्थायी रूप से बंद कर देगा। एक दिन पहले बुधवार को ईरान ने कहा कि वह बैंकों को वैध लक्ष्य मानता है। उसने पश्चिम एशिया के निवासियों को इन बैंकों से एक किलोमीटर दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद ही सिटी बैंक ने यह घोषणा की। इसी तरह एचएसबीसी ने कतर में अपनी शाखाएं बंद कर दी हैं।

अबू द’रार मोहम्मद मारा गया- इस्राइली एयर फोर्स

इस्राइली एयर फोर्स ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को किए एक हमले में हिजबुल्ला के मिसाइल यूनिट से जुड़े कमांडर अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया। इस्राइल के अनुसार, वह हिजबुल्ला और ईरान के बीच सैन्य समन्वय की अहम कड़ी था और संगठन की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। इस्राइली एयर फोर्स (आईएएफ) ने गुरुवार को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए बताया, ‘इस सप्ताह की शुरुआत में (मंगलवार को) वायुसेना ने एक हमले में अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया। वह बेरूत में हिजबुल्ला की मिसाइल इकाई में काम करने वाला और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से कार्य करने वाला एक कमांडर था।’

आईएएफ के अनुसार, मोहम्मद हिजबुल्ला और ईरानी शासन के बीच सैन्य समन्वय में एक केंद्रीय भूमिका निभाता था। वह हिजबुल्ला और ईरानी अधिकारियों के बीच संपर्क और मध्यस्थ के रूप में भी काम करता था। इसके अलावा, वह हिजबुल्ला की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में एक प्रमुख व्यक्ति था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज के बाद उसे फिर से मजबूत करने पर काम कर रहा था। आईएएफ ने बताया कि मोहम्मद हिजबुल्ला संगठन के रणनीतिक सैन्य हथियारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी रखने वाला व्यक्ति था। वह संगठन की रॉकेट इकाई की प्रक्रियाओं का नेतृत्व करता था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज तथा ऑपरेशन रोअर ऑफ द लायन के दौरान इस्राइल की ओर मिसाइल हमलों का निर्देशन करता था।

बेरूत में इस्राइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ी

लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके आसपास हुए इस्राइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के मुताबिक, बेरूत के समुद्र तट के पास हुए हमले में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग घायल हुए हैं। वहीं बेरूत से लगभग 10 किलोमीटर दक्षिण में स्थित अरामौन कस्बे पर हुए एक अन्य हमले में पांच लोगों की मौत और सात लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन संचालन केंद्र ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है।

दक्षिणी लेबनान में इस्राइल के हवाई हमले और गोलाबारी

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना ने कई जगहों पर हवाई हमले किए हैं। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार मजदल सेलेम और अदशीत कस्बों पर इस्राइली विमानों ने बमबारी की। इसके अलावा याहमर अल-शकीफ और अरनून शहरों पर तोपों से गोलाबारी भी की गई। इन हमलों के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है और लोगों में डर का माहौल है।

इराक में PMF मुख्यालय पर हवाई हमला

इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण-पश्चिम में स्थित कैंप सक्र पर हवाई हमला किया गया है। यह कैंप पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) का मुख्यालय माना जाता है। एक इराकी सुरक्षा सूत्र ने बताया कि हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और स्थिति की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस हमले के पीछे कौन था और इसमें कितनी क्षति हुई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *