एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज से देशभर में स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी शुरू हुई। पहले ही दिन तकनीकी कारणों के चलते पंजाब के मोगा में एक केंद्र पर परीक्षा रद्द करनी पड़ी। पंजाब के मोगा स्थित लाला लाजपत राय मेमोरियल पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित होने वाली एसएससी जीडी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षा 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया।
जारी नोटिस के अनुसार, यह परीक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), एसएसएफ और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) पदों के लिए आयोजित की जा रही थी। संबंधित केंद्र पर परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवारों को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है।

जल्द जारी होगी परीक्षा की नई तारीख
अधिकारियों ने बताया है कि रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख और केंद्र की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।
इस अचानक हुए बदलाव से परीक्षार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि प्रशासन ने जल्द नई तारीख घोषित करने का भरोसा दिया है।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- एसएससी जीडी कांस्टेबल 2026 की सीबीटी (27 अप्रैल से शुरू) प्रतिदिन 4 शिफ्टों में आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए समय का सख्ती से पालन करना होगा। तलाशी/बायोमेट्रिक्स (अंगूठा/आंख की पुतली) के लिए 90 मिनट पहले पहुंचें।
- दौड़ शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद हो जाएंगे। 1 मिनट की देरी होने पर भी दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- एडमिट कार्ड और शहर की सूचना पर्ची पर दी गई शिफ्ट की पुष्टि करें।



