वेनेजुएला में भूकंप के बाद मौत का आंकड़ा 235 पहुंच गया है। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन और मलबे हटाने का काम जारी है। रिक्टर पैमाने पर 7 से अधिक तीव्रता वाला ये भूकंप 120 से अधिक वर्षों के बाद आया है। ऐसे में हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
वेनेजुएला में जानमाल के नुकसान को लेकर दुनियाभर में संवेदनाएं जताई जा रही हैं। गुरुवार को भूकंप की खबर आने के बाद भारत की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आपदा की इस घड़ी में देश हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। आज ओडिशा में पुरी के समुद्र तट पर रेत से कलाकृतियां बनाने के लिए मशहूर पद्मश्री सुदर्शन पटनायक की सैंड आर्ट बनाकर वेनेजुएला भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई।
वेनेजुएला में भूकंप से इतर भी कई बड़ी चुनौतियां
दरअसल, वेनेजुएला में प्राकृतिक आपदा के अलावा भी कई बड़ी चुनौतियां मुंह बाए खड़ी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि लगभग छह महीने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर देश की सेना ने अचानक की गई एक अप्रत्याशित कार्रवाई में देश के तत्कालीन राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अमेरिकी कोर्ट में मुकदमे का सामना भी कर रहे हैं। फिलहाल, देश की जनता मौजूदा शासन को पूरी तरह स्वीकार नहीं करती। ऐसे में समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना बेहद जटिल है।
वेनेजुएला में भूकंप के बाद कैसे हैं हालात?
वेनेजुएला का भूकंप सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा की तरह भी देखा जा रहा है। राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहे इस देश में अमेरिकी दखल भी चिंता का कारण है। प्रभावित इलाके में एयरपोर्ट बंद होने के कारण बाहर से आने वाली मदद पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
- ये प्राकृतिक आपदा देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के लिए बड़ी चुनौती।
- राजधानी काराकस के उत्तरी इलाके में तटीय क्षेत्र ला गुआइरा सर्वाधिक प्रभावित।
- इसी इलाके में है देश का मुख्य हवाई अड्डा, फिलहाल आपात स्थिति में बंद।
वेनेजुएला में भूकंप के 30 घंटे से भी अधिक बीत चुके हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भूकंप से हुई मौतों का आंकड़ा 235 तक पहुंच गया है। स्थानीय राहत और बचाव कार्य एजेंसियां भूकंप प्रभावित इलाकों में मलबे हटाने का काम कर रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे अधिकारियों के हवाले से आई जानकारी के मुताबिक हताहतों की संख्या हजारों में है, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने देश में आपातकाल का एलान कर दिया है। भारत, अमेरिका और फ्रांस समेत दुनिया के कई देशों ने वेनेजुएला की तरफ मदद के हाथ बढ़ाए हैं।
हजारों लोग घायल, इमारतों के मलबों में जिंदगी की तलाश
वेनेजुएला में भूकंप के बाद आ रही सूचनाओं के मुताबिक 4300 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। ब्राजील के अमेजन तक दहशत देखी जा रही है। इस इलाके में भी अधिकांश इमारतों को खाली कराया गया है। वेनेजुएला की राजधानी काराकास और तटीय क्षेत्र ला गुआइरा सर्वाधिक प्रभावित है। इन इलाकों में जमींदोज हुई इमारतों के मलबों में जीवित लोगों की तलाश जारी है। सामने आ रही विचलित करने वाली तस्वीरों में खून से लथपथ घायल बच्चे और पालतू पशुओं को भी देखा जा सकता है।



