ओरल हाइजीन डे : स्वस्थ दांत, स्वस्थ जीवन – रूट कैनाल से दर्द का प्रभावी इलाज

ओरल हाइजीन डे : स्वस्थ दांत, स्वस्थ जीवन – रूट कैनाल से दर्द का प्रभावी इलाज

1 अगस्त ओरल हाइजीन डे के अवसर पर दंत चिकित्सक डॉ. एम.एस. नवाज ने मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि दांत हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग हैं। स्वस्थ दांत न केवल भोजन चबाने में मदद करते हैं, बल्कि सुंदर मुस्कान और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक हैं।

उन्होंने बताया कि मुंह की सफाई में लापरवाही बरतने से दांतों की सड़न, मसूड़ों की बीमारी, मुंह से दुर्गंध और संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। मुंह का संक्रमण शरीर के अन्य अंगों तक पहुंचकर हृदय रोग, मधुमेह, निमोनिया, गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं तथा अन्य गंभीर बीमारियों का जोखिम भी बढ़ा सकता है।

डॉ. नवाज ने बताया कि दिन में कम से कम दो बार ब्रश करना, प्रतिदिन फ्लॉस का उपयोग करना, मीठे खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन तथा नियमित दंत जांच कराना अच्छी मौखिक स्वच्छता की पहचान है।

उन्होंने कहा कि दांत में तेज दर्द होने पर बार-बार दर्द निवारक दवाएं लेना समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे में तुरंत दंत चिकित्सक से जांच करानी चाहिए। यदि संक्रमण दांत की नस (पल्प) तक पहुंच जाता है तो रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT) सबसे प्रभावी उपचार होता है, जिससे संक्रमित नस को निकालकर दांत को सुरक्षित रखा जाता है और उसे निकालने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

डॉ. मो. सबा नवाज ने बताया कि रूट कैनाल उपचार के दौरान संक्रमित हिस्से को साफ कर विशेष सामग्री से भरकर सील किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर दांत की मजबूती के लिए डेंटल क्राउन (कैप) लगाया जाता है। यह प्रक्रिया सुरक्षित होती है और स्थानीय एनेस्थीसिया के कारण उपचार के दौरान मरीज को दर्द महसूस नहीं होता।

उन्होंने बताया कि रूट कैनाल के बाद कुछ समय तक हल्की संवेदनशीलता सामान्य है। उपचार के बाद कठोर एवं चिपचिपे खाद्य पदार्थों से बचना, नियमित ब्रश करना, फ्लॉस का उपयोग करना तथा समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराना जरूरी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *