भारत पर 10 विकेट की जीत बनी पाकिस्तान की मुसीबत?: पूर्व कप्तान का अजीबोगरीब बयान, कहा- इससे खिलाड़ी घमंडी बने

भारत पर 10 विकेट की जीत बनी पाकिस्तान की मुसीबत?: पूर्व कप्तान का अजीबोगरीब बयान, कहा- इससे खिलाड़ी घमंडी बने

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने टीम के मौजूदा संकट के लिए 2021 टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मिली 10 विकेट की जीत को भी जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि उस जीत के बाद खिलाड़ियों में उपलब्धि हासिल करने का भाव आया और कप्तानी की होड़ ने ड्रेसिंग रूम में समस्याएं पैदा कीं।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने टीम के मौजूदा संकट को लेकर बड़ा बयान दिया है। यूसुफ का मानना है कि 2021 टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की 10 विकेट की जीत टीम के लिए बड़ी उपलब्धि होने के बावजूद आगे चलकर परेशानी का कारण बन गई। उन्होंने कहा कि उस जीत के बाद कुछ खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है और इसके बाद टीम के सामने आगे क्या करना है, इसे लेकर समस्या पैदा हुई।

भारत के खिलाफ जीत को बताया नुकसान की वजह
2021 टी20 विश्व कप में दुबई में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 152 रनों के लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया था। पाकिस्तान के लिए यह भारत के खिलाफ विश्व कप में पहली जीत भी थी। हालांकि, करीब पांच साल बाद मोहम्मद यूसुफ का मानना है कि यह जीत पाकिस्तान क्रिकेट के लिए नुकसानदायक साबित हुई।

यूसुफ ने कहा, ‘2021 में भारत के खिलाफ जो मैच हमने जीता था, उसने हमें बहुत नुकसान पहुंचाया। क्योंकि उस जीत के बाद खिलाड़ियों को लगने लगा कि उन्होंने कुछ बहुत बड़ा हासिल कर लिया है। वे यह नहीं समझ पाए कि इसके बाद उन्हें क्या करना है।’

‘अच्छा प्रदर्शन करें तो विनम्र रहना चाहिए’
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने खिलाड़ियों के रवैये को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी खिलाड़ियों को विनम्र बने रहना चाहिए और किसी तरह का घमंड परेशानी पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘जब आप अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों तो आपको विनम्र बने रहना चाहिए। अगर आप अकड़ के साथ व्यवहार करेंगे और दूसरों के प्रति अनादर दिखाएंगे, तो समस्याएं आएंगी। और पाकिस्तान क्रिकेट में ऐसी बहुत सी समस्याएं आई हैं।’

कप्तानी की होड़ ने भी बढ़ाई परेशानी
मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तान टीम के भीतर कप्तानी को लेकर चलने वाली होड़ का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि टीम में कई खिलाड़ी कप्तान बनने की कोशिश कर रहे थे और इसके नतीजों का असर आज भी पाकिस्तान क्रिकेट पर पड़ रहा है। यूसुफ ने कहा, ‘टीम में हर कोई पाकिस्तान टीम का कप्तान बनने की कोशिश कर रहा था। इसके परिणाम आज भी पाकिस्तान क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहे हैं।’

‘किसी खिलाड़ी ने जिम्मेदारी नहीं ली’
पूर्व कप्तान ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के प्रदर्शन पर भी निराशा जताई। उन्होंने वनडे और टी20 विश्व कप के साथ-साथ एशिया कप में टीम के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘बहुत खराब क्रिकेट खेला गया है। पीसीबी लगातार आपका समर्थन करता रहा है। पाकिस्तान टीम की मदद करने की कोशिश में इतने कोच आए और चले गए, इतनी चीजें बदली गईं। लेकिन किसी खिलाड़ी ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं ली।’

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *