टेक अरबपति एलन मस्क ने एआई इंडस्ट्री को लेकर एक बड़ी चेतावनी दी है। उनके अनुसार, दुनिया भर की 200 से ज्यादा एआई क्लाउड कंपनियों पर ताला लगने का भारी खतरा मंडरा रहा है। बैंकों द्वारा कर्ज न देने से यह संकट पैदा हुआ है। दूसरी ओर, मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने अपनी मजबूत कमाई के दम पर एआई चिप्स के लिए 40 अरब डॉलर का कर्ज जुटाकर बाजार को हैरान कर दिया है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में इन दिनों सब कुछ चमकता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन टेक दिग्गज एलन मस्क ने इस सुनहरी तस्वीर के पीछे छिपे एक बड़े खतरे से पर्दा उठाया है। मस्क के मुताबिक, एआई के नाम पर पनपी 200 से ज्यादा क्लाउड कंपनियां जल्द ही दिवालिया हो सकती हैं या फिर उन्हें किसी बड़ी कंपनी के साथ मजबूरी में अपना विलय करना पड़ सकता है। मस्क के मुताबिक, जिन कंपनियों की कमाई मुख्य रूप से एआई डेटा सेंटर पर निर्भर है, उनके लिए फंड जुटाना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में आने वाले समय में एआई इंडस्ट्री में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
क्यों बंद हो सकती हैं 200 से ज्यादा एआई कंपनियां?
- एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में कर्ज बाजार ने उन नियोक्लाउड कंपनियों को फंडिंग देने में काफी हद तक हाथ खींच लिए हैं, जिनके पास एआई डेटा सेंटर से अलग कमाई का मजबूत जरिया नहीं है।
- दरअसल, एआई सिस्टम को ट्रेन करने और चलाने के लिए शक्तिशाली कंप्यूटिंग सिस्टम और महंगी GPU चिप्स की जरूरत होती है। इसके लिए कंपनियों को बड़े डेटा सेंटर बनाने पड़ते हैं, जिन पर अरबों डॉलर खर्च हो सकते हैं। ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने के लिए कई कंपनियां बैंकों और दूसरे निवेशकों से कर्ज लेती हैं।
- लेकिन अगर कर्ज मिलना मुश्किल हो जाए और कारोबार से होने वाली कमाई खर्च के मुकाबले कम रहे, तो कंपनियों के लिए अपना काम जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। हालांकि, 200 से ज्यादा कंपनियों के बंद होने या विलय होने का यह आंकड़ा मस्क का अनुमान है। इसे कंपनियों के भविष्य को लेकर तय नतीजा नहीं माना जाना चाहिए।
क्या होती हैं नियोक्लाउड कंपनियां?
- नियोक्लाउड ऐसी कंपनियां होती हैं, जो दूसरी कंपनियों को एआई मॉडल बनाने, उन्हें ट्रेन करने और चलाने के लिए कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराती हैं। ये कंपनियां शक्तिशाली GPU चिप्स और एआई डेटा सेंटर के संसाधन किराए पर देती हैं। आसान भाषा में समझें तो हर कंपनी अपना महंगा एआई डेटा सेंटर नहीं बनाना चाहती। ऐसे में वह नियोक्लाउड कंपनियों से कंप्यूटिंग क्षमता किराए पर लेकर अपना एआई सिस्टम चला सकती है।
- इस कारोबार में सबसे बड़ी चुनौती भारी शुरुआती निवेश है। कंपनियों को महंगे GPU खरीदने, डेटा सेंटर बनाने और उन्हें चलाने के लिए लगातार पैसा खर्च करना पड़ता है। अगर उन्हें कर्ज नहीं मिलता या ग्राहकों से पर्याप्त कमाई नहीं होती, तो उनके लिए इन खर्चों को संभालना मुश्किल हो सकता है।
- मस्क का मानना है कि मौजूदा वित्तीय दबाव के चलते इस क्षेत्र की कई कंपनियां कारोबार बंद कर सकती हैं, जबकि कुछ बड़ी कंपनियों के साथ विलय का रास्ता चुन सकती हैं।
स्पेसएक्स को कैसे मिला 40 अरब डॉलर का कर्ज?
- मस्क ने एआई कंपनियों के सामने आ रही मुश्किलों के बीच अपनी कंपनी स्पेसएक्स का उदाहरण भी दिया। उनके मुताबिक, स्पेसएक्स ने GPU खरीदने के लिए 40 अरब डॉलर का कर्ज जुटाया है। इन चिप्स का इस्तेमाल एआई से जुड़े कामों के लिए किया जाएगा।
- मस्क ने बताया कि स्पेसएक्स को यह बड़ी रकम जुटाने में अपनी मजबूत क्रेडिट रेटिंग और नियमित कमाई से मदद मिली। कंपनी को स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं और रॉकेट लॉन्च कारोबार से आय होती है।
- इन कारोबारों से होने वाली कमाई स्पेसएक्स को सिर्फ एआई से जुड़े बिजनेस पर निर्भर रहने से बचाती है। यही वजह है कि मस्क के अनुसार, कंपनी के लिए कर्ज हासिल करना उन छोटी एआई कंपनियों के मुकाबले आसान रहा, जिनकी कमाई के सीमित स्रोत हैं।
एआई इंडस्ट्री में आगे क्या हो सकता है?
एआई की बढ़ती मांग के कारण डेटा सेंटर और GPU की जरूरत लगातार बढ़ रही है। लेकिन इस मांग को पूरा करने के लिए कंपनियों को भारी निवेश करना पड़ रहा है। ऐसे में केवल तेजी से कारोबार बढ़ाना काफी नहीं होगा, बल्कि कंपनियों को यह भी दिखाना होगा कि वे लंबे समय तक मुनाफा कमा सकती हैं। मस्क का यह बयान एआई स्टार्टअप्स के लिए एक बड़ा रियलिटी चेक है। आने वाले समय में एआई की रेस में वही टिक पाएगा, जिसकी नींव और कमाई के जरिए दोनों मजबूत होंगे।



