पीएम मोदी का गुजरात दौरा LIVE: राज्य को 14 हजार करोड़ के परियोजनाओं की देंगे सौगात, क्या है पूरा कार्यक्रम?

पीएम मोदी का गुजरात दौरा LIVE: राज्य को 14 हजार करोड़ के परियोजनाओं की देंगे सौगात, क्या है पूरा कार्यक्रम?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 30 अक्टूबर (आज) से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य को 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा किसानों के लिए 19 हजार करोड़ की पीएम-किसान की राशि भी जारी करेंगे।

गुजरात के बनासकांठा में शुक्रवार से डेयरी क्षेत्र लंबी छलांग लगाने जा रहा है। 127 एकड़ में फैले बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का पीएम नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। उन्होंने संस्थान की तस्वीरों के साथ अपनी शुभकामनाएं सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे विज्ञान और नवाचार का मेल हमारे किसानों के कल्याण को लगातार आगे बढ़ा रहा है। 

पीएम मोदी ने कहा, इससे डेयरी किसानों को प्रत्यक्ष रूप से कई बड़े व क्रांतिकारी लाभ मिलेंगे। यह केंद्र केवल आधुनिक तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘कांकरेज’ जैसी भारत की प्रसिद्ध स्वदेशी नस्लों के संरक्षण व संवर्धन में अहम भूमिका निभाएगा।

दो दिन के गुजरात दौरे पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ ही कई योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे। इसके अलावा दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। उनके दौरे में पशुपालन, खेती, सड़क, मेट्रो और पर्यटन से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं।

बनासकांठा से होगी दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री शुक्रवार सुबह सबसे पहले गुजरात के बनासकांठा पहुंचेंगे। यहां वे भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) से जुड़ी प्रयोगशाला का दौरा करेंगे। इसके साथ ही भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर भी जाएंगे। करीब 127 एकड़ में फैला यह केंद्र पशुओं की नस्ल सुधारने और दूध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर देंगे श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता नगर पहुंचेंगे। यहां वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के पहले गृहमंत्री को श्रद्धांजलि देंगे। इस साल सरदार पटेल की 151वीं जयंती मनाई जाएगी। इस मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी प्रधानमंत्री शामिल होंगे। वे नर्मदा आरती में हिस्सा लेने के साथ एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

अहमदाबाद मेट्रो का होगा विस्तार
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखेंगे। फेज-2ए के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक छह किलोमीटर से अधिक लंबा मेट्रो मार्ग बनाया जाएगा। इस रास्ते में पांच स्टेशन होंगे। वहीं, फेज-2बी में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा मेट्रो मार्ग तैयार होगा। इसमें तीन स्टेशन बनाए जाएंगे। इन दोनों परियोजनाओं से अहमदाबाद में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने और यात्रियों का सफर आसान होने की उम्मीद है।

अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे होगा चौड़ा
सड़क यातायात को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद-मेहसाणा रोड यानी स्टेट हाईवे-41 को चौड़ा करने की परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन किया जाएगा। इससे अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच आने-जाने में कम समय लगेगा। साथ ही सड़क पर वाहनों का दबाव घटेगा और सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा।

हजारों आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगी नई पहचान
महिलाओं और बच्चों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा तैयार हो चुके 361 केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। करीब 800 करोड़ रुपये की इस योजना से चार लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इन केंद्रों को बच्चों की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जाएगा, ताकि उन्हें पढ़ाई, पोषण और शुरुआती देखभाल के लिए बेहतर माहौल मिल सके।

खेती और किसानों के लिए भी बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री कृषि बुनियादी ढांचा कोष के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। इन पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, साइलो, कोल्ड चेन, पॉलीहाउस और ग्रीनहाउस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा फसल की सफाई, भंडारण और प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां भी तैयार की गई हैं। इन सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने और सही समय पर बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे फसल की बर्बादी कम करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने का रास्ता भी खुलेगा।

भारत पर्व में दिखेगी देश की सांस्कृतिक झलक
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह महोत्सव देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और एकता की भावना को सामने लाएगा। इसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कलाकार अपनी लोककलाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही क्षेत्रीय खानपान, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों की झलक भी देखने को मिलेगी।

15 नवंबर तक चलेगा महोत्सव
भारत पर्व 15 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस आयोजन से एकता नगर के साथ आसपास के इलाकों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री इस दौरान रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे। कुल मिलाकर उनका यह दौरा गुजरात में विकास कार्यों के साथ पर्यटन, कृषि और पशुपालन को नई गति देने पर केंद्रित रहेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *