इंदौर में दीपावली की रात वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। सीपीसीबी के अनुसार छोटी ग्वालटोली में एक्यूआई 338 और मगोड़ा नगर में 316 दर्ज हुआ। जहरीली हवा के कारण घर गैस चैंबर बन गए, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में भारी तकलीफ हुई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के जारी आंकड़ों के अनुसार इंदौर शहर की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। AQI की वेबसाइट के मुताबिक दीपावली की रात करीब 1 बजे AQI 1708 तक पहुंच गया। 3 बजे इंदौर के छोटी ग्वालटोली क्षेत्र का एक्यूआई 338 दर्ज किया गया। शहर में महज 5 घंटे की अवधि के दौरान प्रदूषण के स्तर में भारी बढ़ोतरी देखी गई। छोटी ग्वालटोली का एक्यूआई 281 से बढ़कर 338 तक पहुंच गया, जिसके कारण यहां की हवा खराब श्रेणी से अत्यंत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं मगोड़ा नगर क्षेत्र में एक्यूआई 203 से बढ़कर 316 हो गया, जिसमें 113 अंकों का उछाल दर्ज हुआ और हवा अत्यंत खराब श्रेणी में पहुंच गई। इसके अलावा रेजिडेंसी एरिया में एक्यूआई 206 से बढ़कर 261 दर्ज किया गया, जहां 55 अंकों की वृद्धि के बावजूद हवा खराब श्रेणी में ही बनी रही।
ऑनलाइन ऐप्स पर इंदौर दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर दर्ज
त्योहार की रात विभिन्न ऑनलाइन वायु गुणवत्ता ऐप्स पर इंदौर को विश्व का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर दर्शाया गया। इन डिजिटल ऐप्स के आंकड़ों में शहर का एक्यूआई 1708 के स्तर तक पहुंचा हुआ दिखाया गया, जिससे वायु स्थिति को बेहद खतरनाक और चिंताजनक श्रेणी में वर्गीकृत किया गया।
सोशल मीडिया पर सामने आईं शहरवासियों की प्रतिक्रियाएं
प्रदूषण के बिगड़ते आंकड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। अरविंद तिवारी ने इन आंकड़ों को साझा करते हुए शहर की हवा के अत्यधिक जहरीली होने पर चिंता व्यक्त की। वहीं पंकज क्षीरसागर ने लिखा कि वायु प्रदूषण के इस स्तर तक पहुंचने की मुख्य वजह जन-जागरूकता में कमी रही। पटाखों के अत्यधिक और अनियंत्रित इस्तेमाल के कारण इंदौर की आबो-हवा पूरी तरह बिगड़ गई।
घरों में गैस चैंबर जैसा माहौल, सांस लेने में हुई भारी तकलीफ
शहर में वायु प्रदूषण का स्तर इस हद तक बढ़ गया कि सुबह तक नागरिकों को सांस लेने में कई तरह की तकलीफों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि बंद घर भी गैस चैंबर में तब्दील हो गए। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे बुरा असर देखा गया, जहां धुएं के कारण बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ वहीं बुजुर्ग सांस लेने की समस्या से जूझते रहे। पटाखों के शोर और धुएं से पशु-पक्षियों के लिए भी रात बिताना कठिन साबित हुआ। इसके अतिरिक्त शहर में आतिशबाजी के कारण कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी दर्ज की गईं।



