नेपाल के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने वाली भारत ए टीम को पाकिस्तान ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। राइजिंग स्टार एशिया कप में भारत ए की टीम लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी और 48 रनों से हार गई। भारत ए के लिए कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की, इसके बावजूद वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
पाकिस्तान ए ने राइजिंग स्टार एशिया कप के मुकाबले में भारत ए को 48 रनों से हरा दिया। रविवार को दोहा में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाए थे। जवाब में भारत ए की टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ए के लिए कप्तान तिलक वर्मा ने एक बार फिर शानदार शतक जड़ा, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। तिलक 149 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाकर आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।
तिलक-शहबाज ने कराई वापसी
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। टीम ने 129 रन के स्कोर पर छह विकेट गिरा दिए थे। लग रहा था कि भारत ए बड़े अंतर से ये मुकाबला गंवा देगी, लेकिन तिलक और शहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। इस दौरान इन दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। शहबाज अहमद को अली रजा ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शहबाज 49 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक भले ही मैच को अंतिम ओवर तक खींच ले गए, लेकिन जीत नहीं दिला सके। उन्होंने हालांकि, शतक पूरा किया। भारत ए की हार का कारण बदोनी, रिंकू सिंह, वैभव और कुमार कुशाग्र जैसे बल्लेबाजों का सस्ते में आउट होना रहा। भारत के लिए एकमात्र बड़ी साझेदारी तिलक और शहबाज ने ही की।
भारत ए की पारी
तिलक और शहबाज के अलावा अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों पर छह चौकों और छह छक्के की मदद से 70 रन बनाए। तीन बल्लेबाजों की शानदार पारी के बावजूद भारत ए मैच अपने नाम नहीं कर सका। भारत ए का अगला मुकाबला 24 नवंबर को यूएई से होगा। भारत ए के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 11, रिंकू सिंह ने 6, कुमार कुशाग्र ने 2 रन बनाए और आयुष बदोनी खाता खोले बिना आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से अली रजा और हसन नवाज को तीन-तीन विकेट मिले, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो और अहमद दानियाल और सुफ्यान मोकिम को एक-एक विकेट मिला।
पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत
इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज माज सदाकत और शमील हुसैन ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़कर पाकिस्तान को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि हर्षित राणा के साथ कुछ देर तक हुई बहस के बाद हुसैन का ध्यान भटक गया और वह जल्द ही 33 रन बनाकर आउट हो गए। राणा ने जल्द ही रोहेल नजीर को खाता खोले बिना आउट कर दिया जिससे पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 67 रन हो गया। इसके बाद हसन नवाज ने सदाकत के साथ मिलकर पारी संभाली। तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सदाकत ने अर्धशतक पूरा किया। लेकिन सूर्यांश शेडगे ने सदाकत को आउट करके इस साझेदारी का अंत किया।
इसके बाद कप्तान अब्दुल समद ने नवाज के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। इस दौरान पाकिस्तान ने छह रन प्रति ओवर से अधिक की गति से रन बनाए। हालांकि रिंकू सिंह और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के संयुक्त प्रयास से समद रन आउट हो गए। नवाज के आउट होने के बाद भारत ने मैच में अच्छी वापसी की। शेडगे की गेंद पर उनका जोरदार शॉट डीप प्वाइंट सीमा रेखा के पास बदोनी ने लपक लिया। इस समय पाकिस्तान का स्कोर 38.2 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन था। इसके बाद फरहान यूसुफ ने 48 गेंद में 56 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान पिच से हालांकि गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिल रही थी। हालांकि, पाकिस्तान की टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी।
तीन बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतक
पाकिस्तान के लिए तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए, जबकि माज सदाकत ने 59 और फरहान युसूफ ने 56 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान ए ने अच्छी शुरुआत की थी और लग रहा था कि स्कोर 350 रन के पार जाएगा। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने मैच में वापसी की। पाकिस्तान ए के लिए इन तीन बल्लेबाजों के अलावा शमिल हुसैन ने 33, अब्दुल समद ने 28, मोहम्मद इमरान रंधावा ने 23 और साद मसूद ने नौ रन बनाए। भारत ए के लिए हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम को दो-दो विकेट मिले, जबकि आयुष बदोनी ने एक विकेट लिया।
भारतीय खिलाड़ियों ने नहीं मिलाए हाथ
इस मैच में भी भारत ने नो हैंडशेक नीति जारी रखी। टॉस के दौरान तिलक वर्मा ने पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद से हाथ नहीं मिलाए। इसके बाद मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। मैच खत्म होने पर पाकिस्तानी खिलाड़ी जश्न मनाने लगे, जबकि भारतीय खिलाड़ी बिना हाथ मिलाए पवेलियन की ओर चले गए।



