वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की रिपोर्ट ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों में गंभीर कमियां उजागर कीं। पंजाबी बाग के बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 एक्यूआई दर्ज हुआ। ये सभी ‘खराब’ श्रेणी में थे।
सोमवार सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 8 बजे राष्ट्रीय राजधानी का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 249 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग 282 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित निगरानी स्टेशन रहा। सीपीसीबी के अनुसार, नोएडा में एक्यूआई 214 रहा, बुलंदशहर में 185, गाजियाबाद में 237, हापुड़ में 219 रहा।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग के बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 एक्यूआई दर्ज हुआ। ये सभी ‘खराब’ श्रेणी में थे। आनंद विहार (237), अशोक विहार (240), नरेला (239), ओखला फेज 2 (213), रोहिणी (252), सोनिया विहार (215), पटपड़गंज (208), मंदिर मार्ग (225), मेजर ध्यान चंद स्टेडियम (202), अलीपुर (246), आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल 3 (217) और आरके पुरम (252) में भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ रही। हालांकि, वसुंधरा एन्क्लेव में 170 एक्यूआई के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी की वायु गुणवत्ता दर्ज की गई। सीपीसीबी वर्गीकरण के अनुसार, 0-50 एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’ और 101-200 ‘मध्यम’ माना जाता है। 201-300 एक्यूआई ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग का पढ़ें पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का पूर्वानुमान जताया है। 23 और 24 नवंबर की सुबह हल्की धुंध और उथला कोहरा छाने की संभावना है। 22 नवंबर को जारी जिला-वार पूर्वानुमान में दिल्ली के सभी जिलों और नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे पड़ोसी क्षेत्रों में समान मौसम की उम्मीद है। 25 और 26 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की धुंध और उथला कोहरा रहने का अनुमान है। 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर और 26 नवंबर को कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छा सकता है।
प्रदूषण नियंत्रण उपायों की रिपोर्ट
रविवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के प्रदूषण नियंत्रण उपायों के प्रदर्शन का आकलन शुरू किया। इसकी 2026 की रिपोर्ट कार्ड में अक्तूबर तक की प्रगति शामिल है। इसमें औद्योगिक निरीक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कमियां उजागर हुई हैं। स्टेट एक्शन प्लान-2026 रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, दिल्ली और चार राज्यों में से किसी ने भी लक्षित संख्या में हरित श्मशान घाट स्थापित नहीं किए हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 421 हरित श्मशान घाटों का संयुक्त लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्तूबर तक उपलब्धि शून्य रही।
औद्योगिक निरीक्षणों में तीन राज्यों में विशेष रूप से खराब प्रगति दर्ज की गई। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 11,607 निरीक्षणों के संयुक्त वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले, 31 अक्तूबर तक केवल 2,584 निरीक्षण पूरे हुए। इससे 9,023 निरीक्षणों का अंतर रह गया। दिल्ली ने अपने 979 के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण करके लक्ष्य को पार किया। हालांकि, हरियाणा ने 3,865 में से केवल 177, राजस्थान ने 2,974 में से 68 और उत्तर प्रदेश ने 3,789 में से 730 निरीक्षण पूरे किए। सीएक्यूएम की अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी होगी।



