41 दिनों में 23 दिन एक करोड़ से अधिक ने किया स्नान; दुनिया के 50% से ज्यादा सनातनियों ने लगाई डुबकी

41 दिनों में 23 दिन एक करोड़ से अधिक ने किया स्नान; दुनिया के 50% से ज्यादा सनातनियों ने लगाई डुबकी

महाकुंभ में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। स्नानार्थियों की संख्या 60 करोड़ पार पहुंच गई है। दुनिया के 50 प्रतिशत से अधिक सनातनियों ने महाकुंभ में डुबकी लगाई है।

संगम पर शनिवार को भी आस्था हिलोर मारती दिखी। हर मार्ग पर श्रद्धालुओं का रेला दिखा। आस्था के जनज्वार का अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि दिन में 12 बजे तक ही 71 लाख से अधिक लोग संगम स्नान कर चुके थे। शाम आठ बजे तक 1.43 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके थे। मेले में 23 दिन अब तक ऐसे रहे जब एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। 

महाकुंभ के समापन में अब महज चार दिन शेष हैं। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में शनिवार को अधिक भीड़ की उम्मीद पहले से थी और इसकी झलक भी शुक्रवार शाम को ही दिख गई थी। श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुक्रवार रात से ही शुरू हो गया। 

शनिवार की सुबह तो हर प्रमुख मार्ग पर लोग दिख रहे थे। मेला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिन में 12 बजे तक 71.18 लाख लोग स्नान कर चुके थे। वहीं, शुक्रवार तक कुल 59.31 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह शनिवार को स्नानार्थियों की संख्या भी 60 करोड़ पार हो गई।

41 दिनों में 23 दिन एक करोड़ से अधिक ने किया स्नान
पौष पूर्णिमा स्नान के साथ 13 जनवरी को महाकुंभ की शुरुआत हुई थी। इस तरह से शनिवार तक 41 दिन हो गए। खास यह कि तारीख आगे बढ़ने के साथ संगम में डुबकी को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। 

इसका अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि इन 41 में से 23 दिन एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। इनमें भी सात दिन तो दो करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। 

यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि 26 जनवरी से 22 फरवरी के बीच यानी, 28 में से 21 दिन एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। भीड़ को देखते हुए अगले चार दिनों तक भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

लगातार आठवें दिन एक करोड़ से अधिक ने किया स्नान
शनिवार को लगातार आठवां दिन रहा जब, एक करोड़ से अधिक लोगों ने संगम स्नान किया। पिछले शनिवार को ही यह सिलसिला शुरू हुआ था जो अब भी जारी है। इससे पहले 26 जनवरी से तीन फरवरी तक का ही समय रहा जब लगातार आठ दिनों तक हर रोज एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। जबकि, मौनी अमावस्या एवं वसंत पंचमी अमृत स्नान पर्व भी इसी दौरान पड़े थे। 

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का क्रम लगातार बना हुआ है। ऐसे में अगले दिन भी हर रोज एक करोड़ से ज्यादा लोगों के स्नान करने की उम्मीद है। यदि, ऐसा हुआ तो लगातार 12 दिनों तक स्नानार्थियों की संख्या हर रोज एक करोड़ से अधिक होगी।

इन तारीखों को दो करोड़ से अधिक ने संगम में लगाई डुबकी

तारीख                                    संख्या
14 जनवरी (मकर संक्रांति)                        3.50 करोड़
28 जनवरी                                    4.99 करोड़
29 जनवरी (मौनी अमावस्या)            7.64 करोड़
30 जनवरी                                    2.06 करोड़
एक फरवरी                                    2.15 करोड़
12 फरवरी (माघी पूर्णिमा)                2.04 करोड़

दुनिया के 50 प्रतिशत से अधिक सनातनियों ने लगाई डुबकी
महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या शनिवार को 60 करोड़ पार हो गई है। इसी के साथ पूरी दुनिया के 50 प्रतिशत से अधिक सनातनी भी संगम में पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू प्यू रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 110 करोड़ सनातनी हैं। 

वहीं पूरी दुनिया में सनातन धर्म को मानने वालों की आबादी करीब 120 करोड़ है। इस तरह से पूरी दुनिया के 50 प्रतिशत से अधिक सनातनी संगम में डुबकी लगा चुके हैं। वहीं भारत में सनातन धर्म को मानने वाले 55 प्रतिशत से अधिक लोग संगम स्नान कर चुके हैं।

73 देशों के राजनयिक और भूटान नरेश नामग्याल वांगचुक समेत तमाम देशों के अतिथि यहां अमृत स्नान करने पहुंचे। यही नहीं, मां जानकी के मायके नेपाल के 50 लाख से अधिक लोग अब तक त्रिवेणी के पवित्र जल में स्नान कर साक्षी बन चुके हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *