भाईजान को मिली ईदी, दूसरे ही दिन ‘सिकंदर’ 50 करोड़ रुपये पार, बाकी फिल्मों का रहा ऐसा हाल

भाईजान को मिली ईदी, दूसरे ही दिन ‘सिकंदर’ 50 करोड़ रुपये पार, बाकी फिल्मों का रहा ऐसा हाल

ईद से एक दिन पहले 30 मार्च को सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ रिलीज हुई। फिल्म को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। मगर भाईजान के प्रशंसक पर्दे पर उन्हें देखने जरूर पहुंच रहे हैं। जानते हैं कल सोमवार को ‘सिकंदर’ और बाकी फिल्मों ने कैसा कलेक्शन किया?

मार्च का महीना विदा हो चुका है। फिल्मों के लिहाज से देखें तो यह कुछ खास नहीं रहा। इस महीने में फिल्में तो रिलीज हुईं, लेकिन कोई भी फिल्म अपना झंडा बुलंद नहीं कर सकी। पूरे मार्च फरवरी में रिलीज ‘छावा’ ही छाई रही। विदा देते हुए यह महीना ‘सिकंदर’ की सौगात दे गया है, लेकिन सवाल यह भी है कि अप्रैल में सिनेप्रेमियों पर इसका कितना असर होता है? ‘सिकंदर’ के अलावा ‘एल 2 एम्पुरान’ और ‘छावा’ भी हैं। जानते हैं कल ईद पर इन फिल्मों ने कैसा कलेक्शन किया?

दूसरे दिन लग गया ‘सिकंदर’ का अर्धशतक
सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ को लेकर उम्मीद तो की जा रही थी कि ये बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा देगी। मगर, इन दिनों अपनी घड़ी को लेकर विवादों में चल रहे सलमान का वक्त ‘सिकंदर’ नहीं बदल पाई है। हालांकि, फैंस ने ईद पर जरूर सलमान को ईदी दे दी है। रिलीज के दूसरे ही दिन ‘सिकंदर’ ने टोटल कमाई के मामले में 50 करोड़ रूपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

आज से शुरू होगी असली परीक्षा
सिकंदर ने रविवार को ओपनिंग  डे पर 26 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर खाता खोला। इतवार की छुट्टी और त्योहार का मौसम देखते हुए यह कमाई प्रशंसनीय नहीं मानी जा सकती। दूसरे दिन कल सोमवार को ईद पर फिल्म ने 29 करोड़ रूपये का कारोबार किया है। इस तरह दो दिनों की कमाई 55 करोड़ रूपये हो गई है। इस फिल्म को करीब 200 करोड़ रूपये की लागत से बनाया गया है। ‘सिकंदर’ की असली परीक्षा आज तीसरे दिन यानी मंगलवार से शुरू होगी।

मंडे टेस्ट में ‘एल 2 एम्पुरान’ का ऐसा रहा प्रदर्शन
मोहनलाल, पृथ्वीराज सुकुमारन, टोविनो थॉमस, मंजू वॉरियर और इंद्रजीत सुकुमारन जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘एल 2 एम्पुरान’ भी सिनेमाघरों में लगी है। हालांकि, अब इसके कलेक्शन में हर दिन गिरावट दर्ज हो रही है। चौथे दिन रविवार को इस फिल्म ने 13.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं कल पांचवे दिन (पहले सोमवार) को इसने 11 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 70 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म ‘एल 2 एम्पुरान’ पैन इंडिया स्तर पर रिलीज हुई है।

‘छावा’ की हो गई विदाई
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना अभिनीत ‘छावा’ ने फरवरी से लेकर पूरे मार्च बॉक्स ऑफिस पर जमकर बवाल काटा है। फिल्म ने रविवार 30 मार्च को 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि, 31 मार्च को ‘छावा’ ने कितने कमाए इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा अभी तक उपलब्ध नहीं है। शायद ‘सिकंदर’ के बाद यह फिल्म टिकट खिड़की से विदाई ले चुकी है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि सोमवार को 46वें दिन ‘छावा’ ने एक करोड़ रुपये कमाए। ‘छावा’ का टोटल नेट कलेक्शन  593.45  करोड़ रुपये है। वहीं, जॉन अब्राहम की ‘द डिप्लोमैट’ सिनेमाघरों से विदा हो चुकी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *