भारतीय सेना ने मिसाइल हमले की तस्वीरें जारी की है। पाकिस्तानी सीमा में दहशतगर्दों को ट्रेनिंग देने वाले चार ठिकाने ध्वस्त किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से अधिकतम 100 किलोमीटर भीतर तक बने आतंकवादियों के पनाहगाह को बर्बाद कर दिया गया है।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जिन नौ ठिकानों पर हमला किया है, उसकी आधिकारिक तस्वीरें जारी की गई हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना की महिला अधिकारियों- विंग कमांडर व्योमिका और कर्नल सोफिया ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीओजेके में पांच आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए गए हैं, जबकि चार आतंकी ठिकाने ऐसे हैं जो पाकिस्तानी सीमा के भीतर हैं। खास बात ये है कि मुरीदके में लश्कर के मुख्यालय- मरकज-तैय्यबा पर एक के बाद एक चार मिसाइलें दागी गईं। सभी नौ ठिकानों पर हमले के पहले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद कैसा मंजर है, भारतीय सेना की तरफ से जारी इन आधिकारिक तस्वीरों में देखिए।
सबसे पहले यहां हमला हुआ
मुजफ्फराबाद का सवाईनाला कैंप पीओजेके के एलओसी से 30 किलोमीटर दूर है। यहां लश्कर का ट्रेनिंग सेंटर था। कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (POJK) के पांच ठिकानों पर हमले किए।

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना का दूसरा निशाना
सैयदना बिलाल कैंप (पीओजेके) आतंकी संगठन- जैश-ए-मोहम्मद का ठिकाना है। यहां हथियारों और विस्फोटकों को रखा जाता था। यहां दहशतगर्दों को जंगल में जिंदा रहने की ट्रेनिंग मिलती थी।

एलओसी से 13 किमी दूर दागी पांचवीं मिसाइल
पांचवां मिसाइल हमला अब्बास कैंप कोटली पर किया गया। सेना ने इस आतंकी ठिकाने को सटीक निशाना बनाया। यह एलओसी से 13 किमी दूर है। कर्नल सोफिया ने बताया कि यहां लश्कर के फिदायीन तैयार किए जाते थे। यहां एक समय में 15 आतंकियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर इन आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया
पीओजेके में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने मिसाइलों से पाकिस्तानी सीमा के भीतर चल रहे आतंकी ठिकानों पर भी सटीक हमले किए। सबसे पहले सेना ने सरजल कैंप सियालकोट पर हमला किया। यह अंतरराष्ट्रीय सीमा से 6 किमी दूर और जम्मू-कश्मीर के सांबा-कठुआ के सामने है।




