ऊंची बिल्डिंगों से छलांग लगाना, उड़ते हुए जहाज से लटकना, हेलिकॉप्टर उड़ाकर खतरनाक चेज सीन करना और पानी में अपनी सांस रोककर रखना, अगर यह सभी कारनामे कोई एक्टर अपनी फिल्मों में खुद ही कर सकता है तो वो सिर्फ हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज ही हैं।
एक्शन फिल्मों के जोनर में ‘मिशन इम्पॉसिबल’ का रुतबा सबसे अलग है। सालों से यह सीरीज रोमांच और थ्रिल से दर्शकों को शानदार एक्सपीरियंस दे रही है। अब हॉलीवुड के महानतम एक्टर टॉम क्रूज ‘मिशन: इम्पॉसिबल- द फाइनल रेकनिंग’ के जरिए इसका सबसे जबरदस्त और खतरनाक चैप्टर लेकर फिर से लौट चुके हैं।
इस बार हजारों फीट की ऊंचाई पर टॉम का हाई लेवल स्टंट दर्शकों को हैरान कर देगा। चलिए आपको बताते हैं इस बार फिल्म में ऑडियंस के लिए क्या खास है और अब तक कौन-कौन से हैरतअंगेज स्टंट्स अभिनेता कर चुके हैं।
टॉम के लिए फैंस की दीवानगी
आज यानी 17 मई को रिलीज हुई इस शानदार फ्रेंचाइजी की एक और फिल्म के लिए टॉम ने एक बार फिर अपनी जान जोखिम में डालकर कई हैरतअंगेज स्टंट किए हैं। फिल्म के लिए फैंस की दीवानगी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि एडवांस बुकिंग के पहले ही दिन करीब 11,000 टिकट बिक गए।
10,000 फीट की ऊंचाई से कूदे टॉम क्रूज
टॉम क्रूज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जो कि उनके खतरनाक स्टंट का एक ट्रेलर मात्र है। वीडियो में टॉम 10,000 फीट की ऊंचाई से हेलीकॉप्टर से कूदते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि कैमरे पर एक स्टंट को परफेक्ट दिखाने के पीछे कितनी मेहनत और खून-पसीना लगता है, इसकी एक झलक भी वीडियो में जरूर मिल रही है।
किन-किन बातों का रखा ध्यान?
छलांग लगाने से पहले वीडियो में टॉम ने बताया कि उन्होंने इसके लिए कई महीने पहले से ट्रेनिंग लेना शुरू किया। कितनी तेज गति से हवा चलेगी, कितनी ऊंचाई वो कूदेंगे और छलांग का एंगल क्या होगा, इन सभी बातों का ध्यान रखना होता है। इसके अलावा टॉम ने यह भी बताया कि वो अगली बार 12000 फीट की ऊंचाई से कूदने का प्लान बना रहे हैं।
बॉडी डबल के बिना करते हैं स्टंट्स
अभिनेता टॉम क्रूज बिना किसी बॉडी डबल या स्टंटमैन का इस्तेमाल किए जोखिम उठाते हैं। साल 1996 में फिल्म ‘मिशन इम्पॉसिबल’ के पहले पार्ट के समय एक्टर 34 साल के थे और अब 62 साल की उम्र में वो नामुमकिन से दिखने वाले करतबों को खुद करते हैं। हैरानी वाली बात ये है कि उनके स्टंट्स में किसी भी तरह के ग्राफिक्स का इस्तेमाल नहीं होता।
पहाड़ की चोटी से बाइक के साथ कूदे एक्टर
इससे पहले भी एक्टर ने फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों के लिए कई खतरनाक स्टंंट्स को खुद ही अंजाम दिया है। ‘मिशन इम्पॉसिबल 7’ के लिए टॉम ने 4000 फीट की ऊंचाई से पहाड़ की चोटी से हवा में बाइक समेत छलांग लगाई। एक्टर रैंप पर तेज स्पीड में बाइक चलाते हुए जान जोखिम में डालकर कूद पड़े थे। इतना ही नहीं, इस सीन को पूरा करने के लिए उन्होंने करीब 6 बार नॉर्वे के हेल्सेटकोपेन पहाड़ की चोटी से छलांग लगाई।
बिना हेलमेट चलाई हाईस्पीड मोटरसाइकिल
‘मिशन इम्पॉसिबल 5’ की शूटिंग के दौरान भी अभिनेता ने सांसें थमा देने वाले स्टंट को अंजाम दिया था। उन्होंने बिना हेलमेट 209 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से BMW मोटरसाइकिल चलाई थी। इस सीन के अंत में टॉम रनवे से टेक-ऑफ कर रहे एयरब्स A400M प्लेन पर भी छलांग लगाकर चढ़ जाते हैं।
6 मिनट तक पानी में सांस रोकी
टॉम क्रूज ने साल 2015 में आई ‘मिशन इम्पॉसिबल’ के लिए पानी में करीब 6 मिनट तक अपनी सांस रोकी थी। ऐसा करने के लिए टॉम ने सैन्य विशेषज्ञों से ट्रेनिंग ली थी। अभिनेता ने सीरीज के फाइनल पार्ट के लिए भी अंडरवॉटर एक सीन फिल्माया है, जिसके लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
25,000 फीट की ऊंचाई से कूदे एक्टर
साल 2018 में आई ‘मिशन इम्पॉसिबल 6’ में टॉम क्रूज 321 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे एयरक्राफ्ट से 25,000 फीट की ऊंचाई से कूद जाते हैं। पैराशूट की मदद से जमीन पर लैंड करते हैं। इस स्टंट को ‘हेलो जंप’ कहते हैं।
‘बुर्ज खलीफा’ पर भी चढ़ चुके अभिनेता
दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग ‘बुर्ज खलीफा’ भी टॉम के साहस और हिम्मत का प्रतीक है। साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिशन इम्पॉसिबल- घोस्ट प्रोटोकॉल’ के लिए टॉम क्रूज बुर्ज खलीफा पर चढ़ गए थे।



