यूक्रेन ने रूस में घुसकर तबाह किए 40 से ज्यादा सैन्य विमान; डेढ़ साल से हो रही थी हमले की तैयारी

यूक्रेन ने रूस में घुसकर तबाह किए 40 से ज्यादा सैन्य विमान; डेढ़ साल से हो रही थी हमले की तैयारी

पिछले तीन सालों से चल रहे रूस-यूक्रेन की जंग में एक जून का दिन बड़े घटनाक्रम वाला दिन रहा। एक तरफ जहां रूस ने यूक्रेन पर 472 ड्रोन दागे। वहीं यूक्रेन ने बड़ा पलटवार करते हुए रूस की सीमा में घुसकर ड्रोन के जरिए 40 से ज्यादा सैन्य विमानों को तबाह कर दिया है।

यूक्रेन ने भीषण ड्रोन हमले में रूस के 40 से ज्यादा सैन्य विमानों को तबाह कर दिया है। यूक्रेन के एक सुरक्षा अधिकारी ने रविवार को यह दावा किया। वहीं, रूस ने भी यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया। दोनों तरफ से यह हमला तुर्किये के इस्तांबुल में सोमवार को दोनों पक्षों के बीच सीधी वार्ता के नए दौर से एक दिन पहले किया गया है।

डेढ़ साल की योजना के बाद हमला
एक अधिकारी ने बताया कि ड्रोन हमले को अंजाम देने में डेढ़ साल से अधिक का समय लगा और इसकी निगरानी व्यक्तिगत रूप से यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने की थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन की तरफ से रूस पर अब तक का यह सबसे बड़ा ड्रोन हमला है। इसमें रूस के अंदर साइबेरिया में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया है।

कैसे हुआ हमला?
अधिकारी के मुताबिक, यूक्रेन ने अपने ड्रोन ट्रकों में कंटेनरों के जरिए रूस के भीतर ले जाकर तैनात किए। इन ड्रोन ने रूस के कई एयरबेस पर हमला किया, जिनमें सबसे अहम बेलाया एयरबेस था जो इरकुत्स्क इलाके में स्थित है। यह जगह यूक्रेन से करीब 4,000 किलोमीटर दूर है। यानी यूक्रेनी ड्रोन ने अब तक की सबसे गहरी दूरी तय कर रूस के अंदर हमला किया।

यूक्रेन के ड्रोन हमले की हुई पुष्टि
वहीं इरकुत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि यूक्रेनी रिमोट-पायलट विमान ने एक गांव में एक सैन्य इकाई पर हमला किया, जो साइबेरिया में इस तरह का पहला हमला है। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) की ओर से रूस के जिन सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया गया है उनमें ओलेन्या और बेलाया के एयरबेस भी शामिल हैं। बेलाया एयरबेस यूक्रेन से करीब 4,000 किमी से भी अधिक दूर रूस के अंदर है। यूक्रेनी अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले का उद्देश्य रूस में अग्रिम मोर्चे से दूर स्थित दुश्मन के बमबर्षक विमानों को तबाह करना था। अधिकारी ने बताया कि ड्रोन हमले में बेलाया एयरबेस पर आग लग गई।

तबाह हुए विमानों में टीयू-95 भी शामिल
कीव इंडिपेंडेंट ने अपनी एक रिपोर्ट में यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि तबाह किए गए रूसी विमानों में टीयू-95 और टीयू-22एम3 बमवर्षक विमान भी शामिल हैं। इसके अलावा कम से कम एक ए-50 हवाई अर्ली वॉर्निंग एयरक्राफ्ट को भी तबाह किया गया है।

रूस ने 472 ड्रोन और मिसाइलें दागी
इसी दिन रूस ने भी यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने 472 ड्रोन और 7 मिसाइलें दागीं। इनमें से एक मिसाइल ने यूक्रेन की एक सेना प्रशिक्षण यूनिट को निशाना बनाया, जिसमें 12 सैनिक मारे गए और 60 से ज्यादा घायल हुए।

रूस का जमीनी कब्जा – उत्तरी सीमा पर बढ़ता दबाव
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के सुमी क्षेत्र के एक गांव ओलेक्सीयिवका पर कब्जा कर लिया है। इसके जवाब में यूक्रेनी प्रशासन ने सुमी इलाके के 11 और गांवों से लोगों को जबरन खाली कराना शुरू कर दिया है। यूक्रेन के सेना प्रमुख ओलेक्जेंडर सिरस्की ने कहा कि रूस अब अपने हमले डोनेट्स्क के पोक्रोव्स्क, तोरेत्स्क, और लाइमैन इलाकों पर केंद्रित कर रहा है, साथ ही सुमी सीमा क्षेत्र पर भी दबाव बना रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *