ब्लॉकबस्टर बनी ‘सैयारा’, 100 करोड़ी क्लब से सिर्फ चंद कदम दूर अहान पांडे की फिल्म

ब्लॉकबस्टर बनी ‘सैयारा’, 100 करोड़ी क्लब से सिर्फ चंद कदम दूर अहान पांडे की फिल्म

फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के साथ छा गई है। 18 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने शानदार ओपनिंग लेकर शुरुआत की। आज रविवार को तीसरे दिन भी फिल्म की चांदी रही है।

जनवरी से अब तक बॉलीवुड की तमाम फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। मगर, ऐसी फिल्में चुनिंदा हैं, जिन्हें दर्शकों से प्यार मिला है। इन्हीं में ‘सैयारा’ का नाम जुड़ गया है। नए सितारों की इस फिल्म ने दर्शकों पर जादू कर दिया है। 18 जुलाई को फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और शानदार तरीके से शुरुआत की। दूसरे दिन भी कारोबार कमाल का रहा। जानते हैं आज इतवार की छुट्टी में फिल्म का प्रदर्शन कैसा रहा?

तीसरे ही दिन निकाल लिया बजट
फिल्म ‘सैयारा’ में अहान पांडे और अनीत पड्डा लीड रोल में हैं। इस रोमांटिक फिल्म के जरिए इन सितारों ने अभिनय की दुनिया में डेब्यू किया है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 21 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन करके खाता खोला। कल शनिवार को दूसरे दिन इसमें और बढ़त दर्ज हुई और कमाई 25 करोड़ रुपये रही। आज तीसरे दिन ही फिल्म ने अपना बजट निकाल लिया है।

इतवार की छुट्टी का उठाया भरपूर फायदा
फिल्म ‘सैयारा’ ने इतवार की छुट्टी का पूरा लाभ लिया है। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज तीसरे दिन इसने 37 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। अंतिम आंकड़े आने तक इनमें अभी और इजाफा होना तय है। फिल्म का टोटल कारोबार 83 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म का बजट करीब 50-60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस हिसाब से यह फिल्म ब्लॉकबस्टर बन चुकी है।

अपने साथ रिलीज सभी फिल्मों को चटाई धूल
सिनेमाघरों में यह फिल्म अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ और सोनाक्षी सिन्हा की ‘निकिता रॉय’ के साथ रिलीज हुई। इसके अलावा साउथ फिल्म ‘जूनियर’ और अमेरिकी एनिमेटेड फिल्म ‘स्मर्फ्स’ भी इस दिन थिएटर्स में लगी। मगर, अपने साथ रिलीज हुई सभी फिल्मों को ‘सैयारा’ ने धूल चटाते हुए बॉक्स ऑफिस पर बाजी अपने नाम की। देखना दिलचस्प होगा कि कल मंडे टेस्ट में फिल्म का रिपोर्टकार्ड कैसा रहता है?

मोहित सूरी ने संभाली निर्देशन की कमान
इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। उनके निर्देशन करियर की भी ‘सैयारा’ बेस्ट ओपनर बन चुकी है। इस फिल्म को यशराज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है। YRF की कोविड महामारी के बाद आई फिल्मों में ‘सैयारा’ ने ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में तीसरा नंबर सुरक्षित किया है। यह सिर्फ शाहरुख खान की ‘पठान’ और सलमान खान की ‘टाइगर 3’ से पीछे रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *