दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहाना बना हुआ है। झमाझम बारिश की वजह से जहां लोगों को एक जगह बड़ी राहत मिली तो वहीं कुछ लोगों के लिए परेशानी भी लेकर आई। सुबह के वक्त बारिश की वजह से सड़क पर जलभराव की समस्या सामने आई।
दिल्ली समेत एनसीआर में मंगलवार सुबह से ही बारिश हो रही है। तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव होने की वजह से ट्रैफिक जाम लग गया है। बीती रात से ही रूक-रूक कर बारिश हो रही है।
झमाझम बारिश में भीगी दिल्ली
मंगलवार सुबह जैसे ही लोगों ने आंखें खोलीं, चारों ओर एक सुहावना और ठंडक भरा मौसम दिखाई दिया। आसमान से बादल झूम-झूमकर बरसे, लेकिन इस खुशनुमा बारिश ने लोगों को राहत के साथ-साथ मुश्किलें भी दीं।
शहर के कई इलाकों में जलभराव ने राहों को रोकने की कोशिश की, मगर मंजिल की चाह में लोग भीगते हुए भी अपने-अपने सफर पर निकल पड़े। मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में हुए जलभराव में से बचते-बचाते लोग निकलते दिखे।
सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
सोमवार को भी सुबह से ही बादल और सूरज के बीच अठखेलियों का खेल जारी रहा। दिन के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसने और उमस भरी गर्मी बढ़ा दी। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का 84 से 64 फीसदी रहा।
दो दिन दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार शाम 5:30 बजे तक पालम में 10.7, आया नगर में 0.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
वहीं, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। गरज चमक के साथ बारिश की भी संभावना है। साथ ही, शुक्रवार को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 से 35 और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा, शनिवार और रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



