पर्दे पर दिखेगी सुरों के जादूगर रफी की कहानी, आयुष्मान खुराना करेंगे बायोपिक में लीड रोल?

पर्दे पर दिखेगी सुरों के जादूगर रफी की कहानी, आयुष्मान खुराना करेंगे बायोपिक में लीड रोल?

दिग्गज गायक मोहम्मद रफी की आज 45वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर उनके बेटे शाहिद रफी ने पिता की बायोपिक को लेकर दी खास जानकारी। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर मोहम्मद रफी वो आवाज हैं, जो पीढ़ी दर पीढ़ी अपना जादू बिखेर रहे हैं। उनकी आवाज और गाने आज भी उतने ही पसंद किए जाते हैं, जितने उनके दौर में किए जाते थे। आज मोहम्मद रफी की 45वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर अमर उजाला ने रफी साहब के बेटे शाहिद रफी से बात की। इस खास बातचीत में शाहिद ने पिता से जुड़ी यादें साझा कीं। साथ ही उनकी बायोपिक के बारे में भी जानकारी दी।

बायोपिक के निर्माता हैं शाहिद रफी
‘ओह माय गॉड’ जैसी फिल्में बना चुके निर्देशक उमेश शुक्ला ने घोषणा की है कि वे रफी साहब की बायोपिक पर काम कर रहे हैं। अब रफी के बेटे शाहिद रफी ने अमर उजाला के साथ इस फिल्म को लेकर कई जरूरी बातें साझा कीं। शाहिद ने बताया कि वो खुद इस फिल्म से बतौर निर्माता जुड़े हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने यह तय किया था कि अब्बा की बायोपिक तभी बननी चाहिए, जब इसे सच्चाई और ईमानदारी से बनाया जाए। मेरे लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि मेरे अब्बा की जिंदगी को दुनिया के सामने लाने का जरिया है। जब डायरेक्टर उमेश शुक्ला से मेरी बातचीत हुई तो मुझे उनके काम करने का तरीका और सोच समझ आई। मुझे लगा कि वही इस कहानी को सही तरीके से दिखा सकते हैं।’

उमेश शुक्ला किरदार को गहराई से समझते हैं
शाहिद ने आगे बताया कि उमेश जी थिएटर से आए हैं, इसलिए उन्हें किरदारों को महसूस करने का हुनर आता है। वो सिर्फ सीन नहीं बनाते, वो किरदार के भीतर जाते हैं। रफी साहब जैसे इंसान को समझने के लिए यह बहुत जरूरी है। उनकी पहले की फिल्मों में भी मैंने यह दिल से जुड़ी समझ देखी है। वे इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं।

जो उन्होंने जिया, वही फिल्म में दिखेगा
जब पूछा गया कि फिल्म में रफी साहब की जिंदगी के कौन-कौन से हिस्से शामिल होंगे, तो शाहिद ने बताया कि मेरे अब्बा की जिंदगी एक खुली किताब जैसी थी। मैं चाहता हूं कि लोग उन्हें सिर्फ गायक के तौर पर नहीं, इंसान के रूप में भी जानें। कई बार फिल्मों में सच्चाई से हटकर बातें जोड़ दी जाती हैं या बदल दी जाती हैं। मैंने शुरू से साफ कहा कि जो जैसा था, वैसा ही दिखाया जाए। हमें कुछ भी छुपाने या बदलने की जरुरत नहीं है।

Shahid Rafi Will Produced Biopic On His Father Singer Mohammed Rafi Ayushmann Khurrana Will be In Lead Role
मोहम्मद रफी और आयु्ष्मान खुराना – फोटो : सोशल मीडिया

आयुष्मान खुराना सबसे बड़े दावेदार
फिल्म में मोहम्मद रफी का किरदार कौन निभाएगा? इस पर अभी कोई पक्की जानकारी तो नहीं है पर इंडस्ट्री में आयुष्मान खुराना को इस किरदार के लिए संपर्क किया गया है। इस बारे में शाहिद ने कहा कि हमारी कुछ बड़े नामों से बातचीत चल रही है। दो-तीन एक्टर्स से संपर्क भी हुआ है, लेकिन अभी तक कुछ फाइनल नहीं हुआ है। जब सब तय होगा, तब हम खुद इसकी जानकारी देंगे।

शूटिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद
शाहिद ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और अब आगे की तैयारी चल रही है। वे इस साल नवंबर या दिसंबर तक इसकी शूटिंग शुरू कर देंगे। सब कुछ सही रहा, तो यह फिल्म अगले साल यानी 2026 में सिनेमाघरों में आ सकती है।

Shahid Rafi Will Produced Biopic On His Father Singer Mohammed Rafi Ayushmann Khurrana Will be In Lead Role
मोहम्मद रफी और शाहिद रफी – फोटो : सोशल मीडिया

‘अगले जन्म में भी रफी साहब का बेटा बनना चाहूंगा’ 
पिता को याद करते हुए शाहिद रफी ने कहा, ‘वो बहुत सादगी और अमन पसंद इंसान थे। मैंने कभी उन्हें गुस्से में या ऊंची आवाज में बात करते हुए नहीं देखा। सभी उनका आदर करते थे। मेरे लिए वो सिर्फ अब्बा नहीं, एक मिसाल थे। आज भी मैं दिल से यही दुआ करता हूं कि अगर अगला जन्म हुआ तो फिर से उनका बेटा बनूं।’

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *