वोटर अधिकार यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। हमलोगों को मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है लेकिन हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे।
वोटर अधिकार यात्रा में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की एंट्री हो चुकी है। चुनाव आयोग की ओर से 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने के विरोध में शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा अब अंतिम चरण में है। आज राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यह यात्रा सारण से शुरू हुई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार सुबह पटना से सीवान पहुंचे। यहां से वह राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, रोहिणी आचार्य समेत इंडिया गठबंधन के वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए। अखिलेश यादव भोजपुर जिले तक राहुल-तेजस्वी के साथ चलेंगे।
घपला तिकड़ी’ मिलकर ‘वोट-डकैती’ कर रही है
इधर, इंडिया गठबंधन के दिग्गजों से मिलने के लिए सारण और सीवान में कांग्रेस, राजद और वाम दल के कार्यकार्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उनके समर्थन में नारेबाजी की। अखिलेश यादव ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में बिहार भाजपा की हार लिखेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा-चुनाव आयोग और अधिकारी की ‘घपला तिकड़ी’ मिलकर वोटों की डकैती कर रही है। दरअसल यह वो तीन तिगाड़ा है, जिनकी साठगांठ ने देश का वर्तमान-भविष्य बिगाड़ा है। भाजपा अपने भोले भाले समर्थकों के भोलेपन का भी दुरुपयोग, अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए, दुष्प्रचार के लिए करती है।
झूठे के प्रचार की खेती कर रही है भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी एक बार दिल पर हाथ रखकर सोचें कि साम्प्रदायिक राजनीति की घुट्टी पिलाकर भाजपा और उनके संगी-साथियों ने किस तरह उनके ज्ञान और विवेक को बंधक बना लिया है। भाजपा ऐसे लोगों को भी अपने झूठ के प्रचार की खेती में, नफ़रती व्हाट्सएप मैसेज और मिथ्या-संदेशों को आगे बढ़ाने के लिए खाद की तरह इस्तेमाल करती है।



