भारतीय सेना ने कहा है कि- 19 दिनों बाद भारत-पाकिस्तान की सीमा पर पहली बार शांतिपूर्ण रात बीती है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद हर पाकिस्तान सीजफायर का उल्लंघन कर रहा था। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव चरम पर था।
भारत पाकिस्तान के बीच 10 मई को हुए संघर्ष विराम का असर एक दिन बाद 11 मई को देखने को मिला है। बता दें कि, सीमा पर पिछले 19 दिनों से तनाव अपने चरम पर था, जो 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले और सात मई को भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से जारी था। इसे लेकर भारतीय सेना ने बयान भी जारी किया है, सेना ने कहा कि शनिवार शाम को भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बनने के बाद, रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात जम्मू-कश्मीर और नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अन्य इलाकों में काफी हद तक शांति रही। इस दौरान गोलाबारी और फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई, जो 19 दिनों में पहली शांतिपूर्ण रात रही।
11 मई की रात नहीं हुआ संघर्ष विराम का उल्लंघन
भारत-पाकिस्तान सीमा पर 11 मई की रात एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आई, जिसने पहलगाम हमले के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन में पहली बार पूरी तरह से शांति स्थापित की। 23 अप्रैल से 6 मई तक नियंत्रण रेखा से लगे कई सेक्टरों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं, जो 7 से 11 मई के बीच भारी गोलाबारी और हवाई हमलों तक बढ़ गईं थी। पुंछ के सुरनकोट में सामान्य स्थिति हो गई है, यह एक सीमावर्ती इलाका है जो हाल ही में भारी गोलाबारी और संघर्ष विराम के उल्लंघनों की मार झेलने के बाद काफी हद तक नुकसान पहुंचा था।
घर छोड़कर भागने पर मजबूर हुए थे स्थानीय
बता दें कि, सिर्फ दो दिन पहले, सुरनकोट में भारी गोलाबारी हुई, जिससे निवासियों में दहशत फैल गई। हमले के बाद, निवासी शहर छोड़कर भाग गए, कुछ ने पास के पहाड़ी गांवों और बंकरों में शरण ली, जबकि अन्य जम्मू के सुरक्षित इलाकों में चले गए। अब स्थिति में सुधार होने के साथ, लोग जल्द ही पुंछ में अपने घरों को लौटने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं श्रीनगर, पठानकोट, राजौरी, अखनूर, जम्मू, कुलगाम, श्री गंगानगर और बडगाम से कई तस्वीरें सामने आई हैं जो बताते हैं कि स्थिति सामान्य है।
सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ अन्य जगहों पर शांति
न केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में बल्कि चंडीगढ़ समेत अन्य शहरों में भी सामान्य स्थिति लौट आई है, जहां रविवार को आधिकारिक तौर पर सभी प्रतिबंध हटा लिए गए थे। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर ने कहा, “परिणामस्वरूप, दैनिक जीवन फिर से शुरू हो गया है और स्थिति अब स्थिर है।” दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सामान्य समय के अनुसार खुले रहने की अनुमति है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी तरह की गलत जानकारी या गलत सूचना न फैलाएँ।



