Delhi Vidhan Sabha Chunav: दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी वायदों का पिटारा खोल दिया है। अभी कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी नहीं हुआ है। अरविंद केजरीवाल ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली वालों को 15 गारंटियां दी हैं।
दिल्ली में वाल्मीकि मंदिर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पटपड़गंज और ओखला विधानसभा में रोड शो करेंगे। वाल्मीकि मंदिर में पूजा करने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में लोगों से बातचीत की है।
दिल्ली में समाजवादी पार्टी करेगी आप के लिए प्रचार
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अरविंद केजरीवाल के साथ रोड शो करेंगे। 30 जनवरी को रिठाला विधानसभा में केजरीवाल और अखिलेश यादव का रोड शो है। अखिलेश यादव के साथ साथ कई सपा सांसद भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार करते दिखाई देंगे। जानकारी के लिए बता दें कि कैराना से सांसद इकरा हसन भी आप के लिए प्रचार करेंगी।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। केजरीवाल ने चिट्ठी में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एलान करें कि किसी भी अमीर आदमी का लोन माफ नहीं होगा। माफ करना है तो किसानों के लोन, मिडिल क्लास के होम लोन माफ करो। इस पैसे से मिडिल का बहुत फायदा होगा। मैने हिसाब लगाया है कि अगर लोन माफ न किया जाए तो टैक्स की दरें आधी हो जाएंगी। 12 लाख सालाना कमाने वाला व्यक्ति अपना वेतन टैक्स में देता है। ये मिडिल क्लास का दुख है।
दिल्ली में आज इन बड़े दिग्गजों की रैलियां
मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों की आज रैली है। तो वहीं अमित शाह, अरविंद केजरीवाल, राहुल गांधी और सीएम योगी भी रैली को संबोधित करेंगे। 28 जनवरी 2025 को दिल्ली में जनसभाओं की सूची !
यमुना के मुद्दे पर केजरीवाल पर संदीप दीक्षित का तंज
यमुना नदी के पानी को लेकर हरियाणा सरकार पर अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कोई गतिविधि दिखाएं की आप जहर साफ कर रहे थे। कौन सा जहर था?… वे झूठ बोल देते हैं और फिर भी ये आदमी सड़कों पर घूम रहा है। अगर कोई आम आदमी सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाता है, तो वह अगले ही दिन जेल में होगा। मुझे आश्चर्य है कि हरियाणा सरकार या दिल्ली पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही? मुझे लगता है कि या तो दोनों पार्टियों (आप और भाजपा) के बीच कोई अंदरूनी गठबंधन है या फिर दोनों को कोई फर्क नहीं पड़ता, सिर्फ इनकी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहिए।
माफी मांगे अरविंद केजरीवाल: सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने पानी को दिल्ली आने से रोक दिया, उन्हें पता लगा कि इसमें जहर है। इंजीनियरों ने किस तरह निष्कर्ष निकाला कि इसमें जहर है। केजरीवाल बताएं कि कौन सा जहर डाला गया, कितने टन जहर डाला गया। फिर बॉर्डर पर पानी को कैसे रोका, कोई दीवार बनाई, कहां बनाई। केजरीवाल हरियाणा और दिल्ली की जनता से तुरन्त माफी मांगे वरना हम उनके खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। दिल्ली में एक बार फिर यमुना के पानी पर मुद्दा छेड़ दिया है। यमुना के मुद्दे पर दिल्ली और हरियाणा सरकार फिर आमने-सामने हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का दावा किया। जिसके बाद केजरीवाल के आरोपों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व हरियाणा भाजपा ने पलटवार किया है और मानहानि का केस हरियाणा सरकार ठोक सकती है।