पंजाब में आतंकियों के नेटवर्क को पुलिस तोड़ने में लगी हुई है। इसी कड़ी में अमृतसर पुलिस ने आतंकी जीवन फौजी गैंग के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से भारी मात्रा में हथियार भी मिले हैं।
विदेश में बैठे आतंकी जीवन फौजी गैंग के चार शातिरों को जिला देहाती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम रणजीत सिंह राणा, अमनदीप सिंह निवासी गांव कलां मोड, बलबीर सिंह निवासी गांव महावा, हरविंदर सिंह निवासी खासा हैं। इन आरोपियों से पुलिस ने पांच पिस्टल, दस कारतूस और एक लाख 17 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद भी बरामद की है।
एसएसपी देहाती चरणजीत सिंह सोहल ने बताया कि इन आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसी के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ की टीम ने ट्रैप लगाया। टीम की ओर से राम तीर्थ रोड गांव कलां मोड पर नाकाबंदी के कारण रणजीत सिंह उर्फ गण और अमनदीप सिंह उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया गया। मौके पर ही इन दोनों आरोपियों से .30 बोर की पिस्तौल, 10 कारतूस और डेढ़ लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इन दोनों के खिलाफ कंबो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांव महावा से बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक बाइक तथा दो 09 एमएम पिस्तौल तथा एक .30 बोर पिस्तौल के साथ, बीस हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई।
थानों और पुलिस चौकियों पर हमले में भूमिका की हो रही जांच
एसएसपी देहाती ने बताया थाना घरिंडा पुलिस ने 15 नवंबर 2024 को पुलिस एक लावारिस फॉर्च्यूनर कार से छह कारतूस बरामद किए थे। इस मामले में अब पुलिस ने हरविंदर सिंह उर्फ चमकौर सिंह को 32 बोर पिस्टल समेत खासा पुल से गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अमनदीप सिंह और रंजीत सिंह का जीवन फौजी गैंग से सीधा संपर्क था। पुलिस ने अब तक कुल दो 32 बोर पिस्टल, दो 9 एमएम पिस्टल, एक 30 बोर पिस्टल, 10 कारतूस, 1,17,000 ड्रग मनी, दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। फिलहाल इन सभी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि थानों और चौकियों पर हुए ग्रेनेड हमलों में इन आरोपियों की कोई भूमिका है या नहीं।
पाकिस्तान से आते हैं हथियार
एसएसपी देहाती ने बताया कि इन आरोपियों तक हथियार व नशा पाकिस्तान में बैठे तस्करों की ओर से भेजा जाता है। इसे यह आरोपी आतंकी जीवन फौजी की ओर से आदेश आने के बाद डिलीवर कर देते थे। फिलहाल आरोपियों से जांच जारी है।



