सोना ₹2100 बढ़कर ₹103670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर, चांदी ₹1000 रुपये मजबूत हुई

सोना ₹2100 बढ़कर ₹103670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर, चांदी ₹1000 रुपये मजबूत हुई

स्टॉकिस्टों की लगातार खरीदारी और रुपये में गिरावट के कारण शुक्रवार को दिल्ली में सोने की कीमत 2,100 रुपये की तेजी के साथ 1,03,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।

स्टॉकिस्टों की लगातार खरीदारी और रुपये में गिरावट के कारण शुक्रवार को दिल्ली में सोने की कीमत 2,100 रुपये की तेजी के साथ 1,03,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गुरुवार को 1,01,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी शुक्रवार को 2,100 रुपए की तेजी के साथ 1,03,100 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के नए हाई पहुंच गई। इसकी कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी दिखी। एक दिन पहले यह सोना 1,01,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने ने 8 अगस्त को क्रमशः 1,03,420 रुपये और 1,03,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर को छुआ था। तब इनकी कीमतों में 800 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले 7 अगस्त को सोने की कीमतों में 3,600 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी बढ़ोतरी हुई थी। कमजोर रुपये और विदेशी बाजार में सकारात्मक रुख के कारण घरेलू बाजार में सोने में तेजी दिखी और यह नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, “भारतीय रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे देश के सकल घरेलू उत्पाद पर 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ के प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।”

शुक्रवार को रुपया पहली बार 88 के स्तर को पार कर गया और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.19 (अनंतिम) के सर्वकालिक निम्न स्तर पर बंद हुआ। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच रुपये में 61 पैसे की गिरावट दिखी। सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में 3,300 रुपये या 3.29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

चांदी की कीमतो में दिखी 1000 रुपये की नरमी

इस बीच, शुक्रवार को चांदी की कीमतें अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर से 1,000 रुपये घटकर 1,19,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गईं। गुरुवार को चांदी की कीमत 1,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वायदा कारोबार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अक्टूबर डिलीवरी के लिए सबसे अधिक कारोबार वाला सोना अनुबंध 713 रुपये या 0.70 प्रतिशत बढ़कर 1,02,813 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इसके बाद दिसंबर डिलीवरी के लिए बहुमूल्य धातु की कीमत 702 रुपये या 0.68 प्रतिशत बढ़कर 1,03,849 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इस महीने की शुरुआत में थोड़ी गिरावट के बाद सोना अब शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। चांदी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई है। यह स्पष्ट रूप से हाल के सप्ताहों में सफेद धातु के लगातार बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के कारण सर्राफा बाजार में तेजी

ब्रोकरेज फर्म ट्रेडजिनी के मुख्य परिचालन अधिकारी त्रिवेश डी ने कहा, “फेड गवर्नर की संभावित बर्खास्तगी और भारतीय उत्पादों पर भारी टैरिफ की घोषणा के कारण बढ़ी राजनीतिक अनिश्चितता के कारण सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी बढ़ी और इससे सर्राफा बाजार की कीमतों में तेजी आई।” इसके अलावा, सितंबर डिलीवरी के लिए सबसे अधिक कारोबार वाला चांदी वायदा अनुबंध 651 रुपये बढ़कर 1,17,825 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

एमसीएक्स पर दिसंबर अनुबंध के लिए सफेद धातु वायदा भी 641 रुपये या 0.54 प्रतिशत बढ़कर 1,19,285 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। त्रिवेश डी ने कहा, “चाँदी की औद्योगिक माँग इसे और भी बेहतर बनाती है, लेकिन अनिश्चितता के विरुद्ध सोना अभी भी एक अच्छा बचाव है। पिछले पांच वर्षों में, दोनों धातुओं ने हर साल नए रिकॉर्ड बनाए हैं।” विदेशी बाजारों में न्यूयॉर्क में सोना 3,407.39 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा।

ऑग्मोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा, “फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक दबाव के कारण ब्याज दरों में कटौती में तेजी आने की आशंका के कारण सुरक्षित निवेश की मांग के बाद सोने की कीमतों में तेजी आई।” हाजिर चांदी 0.52 प्रतिशत गिरकर 38.84 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

त्रिवेश डी ने आगे कहा, “चांदी वर्तमान में 39.60 डॉलर प्रति औंस के प्रतिरोध के पास कारोबार कर रही है, और यदि यह स्तर टूट जाता है, तो यह 44 डॉलर प्रति औंस की ओर बढ़ सकती है। इसका मतलब है कि कि वर्तमान स्तर से इसमें 12 प्रतिशत की वृद्धि होगी।”

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *