कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी की 396वीं जयंती के मौके पर पथराव के बाद तनाव पैदा होने की खबर है। जुलूस के दौरान हुए पथराव के बाद सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है।बवाल को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा। कर्नाटक के अलावा हैदराबाद में भी शिवाजी जयंती पर आयोजित शोभायात्रा को लेकर दो गुटों के बीच तनाव की खबर है। जानिए क्या है दोनों शहरों का पूरा मामला
कर्नाटक के बागलकोट में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छत्रपति शिवाजी की जयंती के मौके पर आयोजित शोभायात्रा के दौरान पथराव किए जाने के बाद टकराव बढ़ा। बागलकोट में हालात नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को बलप्रयोग का सहारा लेना पड़ा। एक अन्य दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी दो धर्मों के लोगों के बीच टकराव की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दो गुटों के लोगों ने जुलूस निकाले जाने के दौरान एक दूसरे के विरोध में जमकर नारेबाजी की। फिलहाल दोनों जगहों पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी धार्मिक तनाव
दक्षिण भारत की इन दो घटनाओं से पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी गुरुवार देर रात धार्मिक मुद्दे पर तनाव भड़क उठा। जबलपुर से आई रिपोर्ट्स के मुताबिक सिरोह के एक मंदिर में कथित तोड़फोड़ के बाद तनाव पैदा हुआ। यहां दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पत्थरबाजी से उपजे तनाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में भी लिया। फिलहाल हालात संवेदनशील हैं और मौके पर मध्य प्रदेश पुलिस के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए हैं।



