केरल के स्थानीय निकाय चुनाव के अंतिम चरण के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस चरण में कुल 38,994 उम्मीदवार अपना सियासी भविष्य आजमा रहे हैं। इन चुनावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। नतीजे 13 दिसंबर को सामने आएंगे।
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में सात जिलों में मतदान हो रहा है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। दूसरे चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड जिले में मतदान हो रहा है।
दूसरे चरण में 1.53 करोड़ से अधिक मतदाता 604 स्थानीय निकायों के 12,931 प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिका और नगर निगम शामिल हैं। कुल 38,994 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए 18,274 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 2,055 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
पहले चरण में छह दिसंबर को सात जिलों में मतदान हुआ था। जिन जिलों में मतदान हुआ था, उनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टयम, इडुक्की और एर्नाकुलम शामिल हैं। कुल मतदान प्रतिशत 70.90 रहा। सबसे अधिक मतदान एर्नाकुलम जिले में 73.96 फीसदी हुआ। वहीं सबस कम मतदान पथानमथिट्टा जिले में 66.35 फीसदी हुआ। चुनाव के नतीजे 13 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।



