पीलीभीत शहर के बीचों-बीच जूता शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया काबू

पीलीभीत शहर के बीचों-बीच जूता शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया काबू

पीलीभीत में बृहस्पतिवार दोपहर को शहर के बीचों-बीच शोरूम में आग लगने से चार घंटे तक दहशत फैली रही। आग का विकराल रूप देख आसपास की दुकानें भी बंद करा दी गईं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

पीलीभीत शहर के बीचों-बीच जेपी मार्ग के किनारे स्थित जूता के शोरूम में बृहस्पतिवार को आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम भी चपेट में आ गया। बीच बाजार ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यहां से गुजर रहे वाहनों को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट किया। फायर ब्रिगेड की जिले से तीन व बरेली से दो गाड़ियां बुलाई गईं। तकरीबन चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। 

कोतवाली क्षेत्र में सुनहरी मस्जिद चौराहे के निकट रिलैक्सो का जूते-चप्पलों का शोरूम है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10:30 बजे मैनेजर मनोज कुमार और अन्य कर्मचारियों ने जब शटर खोला तो अंदर धुआं उठता दिखा। कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की मगर कामयाबी नहीं मिली। देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर डायल 112 के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति देख फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। 

आग की विकराल स्थिति देख बीसलपुर और पूरनपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं, मगर आग पर फिर भी काबू नहीं पाया जा सका। थोड़ी ही देर में आग ने पीछे स्थित गोदाम को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद बरेली के नवाबगंज से फायर ब्रिगेड की दो अन्य गाड़ियां बुलाई गईं। पड़ोस की दुकान की दीवार तोड़कर पाइप लाइन डाली गई। पांच गाड़ियों की मदद से करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, कोतवाल राजीव कुमार सिंह भी मौके पर नजर बनाए रहे।

आसमान में धुएं का गुबार, बंद कराए आसपास के शोरूम
शोरूम से उठ रहे धुएं के गुबार को देख आसपास के लोग सहम गए। करीब सौ मीटर दायरे में काला धुआं छा गया। यह देख आसपास स्थित ज्वेलर्स समेत अन्य शोरूम भी बंद करा दिए गए।

शोरूम का लिंटर चटका, राख हुआ सामान
करीब चार घंटे तक आग का गोला बने शोरूम का लिंटर चटक गया। दीवारें काली पड़ गईं। शोरूम और गोदाम के फर्नीचर के साथ ही यहां रखा माल पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा तीन एसी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई।

बिजली की लाइन भी चपेट में आई
शोरूम में लगी आग की लपटें बाहर तक निकल रही थीं। शोरूम के पास से गुजर रही बिजली की लाइन भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति को देख आपूर्ति को बंद कराया गया। चार घंटे बाद आग बुझी तब बिजली निगम के कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया।

सीएफओ अनुराग सिंह ने बताया कि आग विकराल थी। ऐसे में बाहर से भी गाड़ियां बुलाई गईं। प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *