महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि उसे अपने परिवार से अलग न किया जाए। महिला ने हाथ जोड़कर सरकार से अपील की है कि उसे अपने परिवार के साथ ही रहने दिया जाए।
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश जारी कर दिया है, जिसके बाद से पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़कर वापस जा रहे हैं। हालांकि इसके बीच कुछ ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं, जो भावुक कर रहे हैं। ऐसा ही मामला है शारदा बाई का, जो बीते 35 वर्षों से भारत में रह रही हैं। अब ओडिशा पुलिस ने उन्हें तुरंत भारत छोड़ने का फरमान सुना दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शारदा बाई का वीजा कैंसिल हो चुका है और अब उन्हें बिना किसी देरी के पाकिस्तान जाना होगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर निर्देश का पालन नहीं किया तो फिर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
35 साल पहले हिंदू परिवार में हुई थी शादी
शारदा बाई की शादी ओडिशा के बोलांगीर में एक हिंदू परिवार में कई साल पहले महेश कुकरेजा से हुई थी। महिला के बेटा और बेटी भी हैं, जो सभी भारतीय नागरिक हैं। महिला के पास वोटर आईडी समेत कई अन्य वैध भारतीय दस्तावेज हैं। हालांकि महिला को कभी भारतीय नागरिकता नहीं मिल सकी। अब जब महिला को वापस जाने के लिए कह दिया गया है तो महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि उसे अपने परिवार से अलग न किया जाए। महिला ने हाथ जोड़कर सरकार से अपील की है कि उसे अपने परिवार के साथ ही रहने दिया जाए।
पहलगाम हमले के बाद हुई सख्ती
महिला ने अपील करते हुए कहा कि ‘मैं पहले कोरापुट आई और फिर बोलांगीर। मेरा अब पाकिस्तान में कोई नहीं है। यहां तक कि मेरा पासपोर्ट भी बेहद पुराना हो गया है। मैं सरकार से हाथ जोड़कर कहती हूं कि कृप्या मुझे भारत में रहने दें। मेरे यहां दो व्यस्क बच्चे और पोते-पोतियां हैं। मैं यहां भारतीय नागरिक के तौर पर रहना चाहती हूं।’ गौरतलब है कि बीती 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी। यह घाटी में पर्यटकों पर हुए सबसे बड़े हमलों से एक था। हमले के बाद से भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव है। भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौता भी स्थगित कर दिया है।



