PF From ATM: केंद्रीय कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ग्राहकों को यूपीआई और एटीएम के जरिए पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा देने जा रहा है। इसके लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मई के अंत या जून से इस सुविधा की शुरुआत हो सकती है। आइए इस बारे में और जानें…
पीएफ धारक जून से एटीएम और यूपीआई के जरिये एक लाख रुपये की निकासी कर सकेंगे। इसको लेकर लगभग तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की सिफारिश को मंजूरी दे दी है।
श्रम और रोजगार मंत्रालय की सचिव सुमिता डावरा ने कहा, पीएफ धारक सीधे यूपीआई पर अपने पीएफ खाते की शेष राशि देख पाएंगे। पात्र होने की स्थिति में तुरंत एक लाख रुपये तक निकाल पाएंगे और स्थानांतरण के लिए अपना पसंदीदा बैंक खाता चुन पाएंगे। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के सदस्य अब मौजूदा बीमारी प्रावधानों के अलावा आवास, शिक्षा और विवाह के लिए भी पैसा निकाल सकते हैं। डावरा ने कहा, दावा प्रक्रिया का समय भी अब घटकर तीन दिन रह गया है। 95 फीसदी दावे स्वचालित हैं। इस प्रक्रिया को और सरल बनाने की योजना है।
पेंशनभोगियों को भी लाभ
हाल के सुधारों से पेंशनभोगियों को भी काफी सुविधाएं हुई हैं। दिसंबर से अब तक 78 लाख पेंशनभोगियों को किसी भी बैंक शाखा से राशि निकालने में सफलता हासिल हुई है। इस समय कुल 7.5 करोड़ पीएफ धारक हैं।
सामाजिक सुरक्षा कवरेज बढ़कर 48 फीसदी के पार
अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के मुताबिक, भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2021 में 24.4 फीसदी से बढ़कर 2024 में 48.8 फीसदी हो गया। इस वृद्धि में मौजूदा केन्द्रीय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को शामिल किया गया है जिन पर पहले विचार नहीं किया गया था। भारत की 65 फीसदी आबादी (92 करोड़ लोग) कम से कम एक सामाजिक सुरक्षा लाभ के अंतर्गत आती है, जिसमें से 48.8 फीसदी को नकद लाभ मिल रहा है।
‘ग्राहक एक परिवर्तनकारी बदलाव का अनुभव करेंगे’
समाचार एजेंसह एएनआई के साथ विशेष बातचीत में श्रम और रोजगार मंत्रालय की सचिव सुमिता डावरा बताया कि पीएफ सदस्य जल्द ही यूपीआई और एटीएम के माध्यम से अपना पैसा निकाल सकेंगे। यह सुविधा संभवत: इस साल मई या जून के अंत तक लागू की जा सकती है। डावरा ने कहा इस सुविधा की शुरुआत होने से ग्राहक एक परिवर्तनकारी बदलाव का अनुभव करेंगे। वे अब मौजूदा बीमारी प्रावधानों के अलावा आवास, शिक्षा और विवाह के लिए भी धनराशि निकाल सकते हैं।



