एक घंटे हवा में अटका रहा विमान, लगे झटके, डराती रही बादलों की गरज, यात्री ने बताया आंखों देखा हाल

एक घंटे हवा में अटका रहा विमान, लगे झटके, डराती रही बादलों की गरज, यात्री ने बताया आंखों देखा हाल

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम को अचानक बिगड़े मौसम के कारण हवाई सेवा प्रभावित हुई। भुवनेश्वर से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट करीब एक घंटे तक हवा में ही अटकी रही। विमान को बार-बार झटके (Turbulence) लगे तो यात्रियों की धड़कनें बढ़ गईं। अमर उजाला को एक यात्री ने सफर की खौफनाक दास्तां बताई। 

‘हम हवा में थे, बारिश और तेज हवाओं के थपेड़ों से हमारा विमान बार-बार झटके (Turbulence) खा रहा था। विंडशील्ड खोलकर बाहर देखा तो बादलों की गरज के बीच बिजली कड़क रही थी। उस एक घंटे तक बस भगवान से यही प्रार्थना थी कि हमें सुरक्षित जमीन पर पहुंचा दो।’ भुवनेश्वर से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में यात्रा कर रहे एक यात्री ने कुछ इन्हीं शब्दों में दहशत भरी दास्तां बयां की। विमान के अन्य यात्रियों के चेहरे पर भी कुछ ऐसा ही खौफ दिखा।

पायलट ने लैंडिंग के लिए तैयार रहने को कहा, लेकिन…
दिल्ली से भुवनेश्वर आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में सफर कर रहे यात्री अखंड प्रताप सिंह ने अमर उजाला को बताया कि उनके विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर नौ बजे उतरना था। विमान ने दिल्ली के हवाई क्षेत्र में जैसे ही प्रवेश किया तो पायलट ने लैंडिंग के लिए तैयार रहने की उद्घोषणा की।

लैंडिंग करने की अनुमति नहीं मिली
उन्होंने बताया कि यात्रियों ने सीट बेल्ट बांधना शुरू किया ही था कि अचानक विमान को तेज झटके लगने लगे। विमान कभी एक ओर झुकता को कभी दूसरी ओर (Turbulence)। इस बीच पायलट ने फिर उद्घोषणा की कि मौसम खराब है और हमें अभी लैंडिंग करने की अनुमति नहीं मिली है। यात्री धैर्य बनाए रखें। इसके बाद सारे यात्री दहशत में आ गए।

हवा में विमान को डगमगाता देख हम सारे यात्री डरे
यात्री अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ यात्रियों ने विमान की विंडशील्ड खोलकर बाहर का हाल देखा तो अंधेरे और बादलों के बीच गरज और कड़कती बिजली देख सबके होश उड़ गए। इसके बाद विमान करीब एक घंटे तक हवा में ही अटका रहा। बार-बार तेज झटके और हवा में विमान को डगमगाता देख हम सारे यात्री डर रहे थे। करीब एक घंटे बाद तक जब मौसम थोड़ा शांत हुआ तो विमान को लैंडिंग की अनुमति मिली। करीब 10 बजे विमान एयरपोर्ट पर उतरा। यात्री ने बताया कि यह एक घंटा बेहद खौफनाक था। पायलट की सूझबूझ और सावधानी ने सभी यात्रियों को सुरक्षित अपनी मंजिल तक पहुंचाया।

100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम को अचानक से मौसम ने करवट ली।  तेज आंधी- बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं आफत भी बढ़ गई। तेज बारिश होने की वजह से जलभराव हुआ और कई जगह पेड़ भी गिर गए, इससे यातायात की स्थिति भी बिगड़ गई। अचानक बारिश और ओले गिरने से लोग जहां-तहां सिर छिपाते हुए नजर आए। वहीं सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि करीब 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *