पीएम मोदी ने सुशीला कार्की को दी बधाई; नेपाल में सेना ने कर्फ्यू हटाया, अब कैबिनेट विस्तार पर सबकी नजर

पीएम मोदी ने सुशीला कार्की को दी बधाई; नेपाल में सेना ने कर्फ्यू हटाया, अब कैबिनेट विस्तार पर सबकी नजर

नेपाल में हिंसक भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के कुछ दिनों बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौट रही है। इस बीच राष्ट्रपति ने एक ही पत्र से संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा को भंग करने और नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति की घोषणा की, जो नेपाल की राजनीति में अभूतपूर्व घटना है। शपथ के बाद कार्की ने सभी मंत्रालय अभी अपने पास रखे हैं। शनिवार को कैबिनेट विस्तार होने की उम्मीद है।

नेपाल में तख्तापलट के तीन दिन बाद पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की अंतरिम प्रधानमंत्री बन गई हैं। संसद भंग करने के साथ छह महीने में उन्हें संसद यानी प्रतिनिधि सभा के चुनाव की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने अपने पहले फैसले में पांच मार्च, 2026 को आम चुनाव का एलान कर दिया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उनकी सिफारिश मंजूर कर ली। अब सभी की नजर कैबिनेट विस्तार पर लगी हुई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्की को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर सुशीला कार्की को हार्दिक बधाई। भारत नेपाल के भाइयों और बहनों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’

इस बीच अधिकारियों ने शनिवार को काठमांडू घाटी और नेपाल के अन्य हिस्सों में लगाए गए कर्फ्यू और प्रतिबंधात्मक आदेशों को हटा दिया। ऐसे में अब दैनिक जीवन धीरे-धीरे सामान्य होते दिखाई दे रहा है। घटनाक्रम पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के शुक्रवार को नेपाल की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने वाली पहली महिला प्रधानमंत्री बनने के एक दिन बाद हुआ। इससे सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के कारण देशव्यापी आंदोलन के कारण केपी शर्मा ओली सरकार को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था, जिसके बाद कई दिनों से चल रही राजनीतिक अनिश्चितता का अंत हो गया। नेपाल सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि शनिवार को कोई प्रतिबंधात्मक आदेश या कर्फ्यू नहीं है।

कैबिनेट में हो सकते हैं घीसिंग, बालेन
कार्की ने साफ किया है कि वह अपने कैबिनेट सदस्यों को चुनाव लड़ने से नहीं रोकेंगी। संभव है कि उनकी कैबिनेट में कुलमन घीसिंग, बालेंद्र शाह बालेन व सुमाना श्रेष्ठ को शामिल किया जाए। पीएम पद की दौड़ में बिजली बोर्ड के पूर्व सीईओ घीसिंग व काठमांडो के मेयर बालेन भी थे। सुमाना पूर्व शिक्षा मंत्री हैं। अंतरिम सरकार में जेन-जी का प्रतिनिधि नहीं होगा। हालांकि जेन-जी ने कहा कि वह अंतरिम सरकार के कामकाज पर कड़ी निगाह रखेंगे।

आज के अपडेट्स

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अब तक 75 कैदियों को पकड़ा है, जो हिमालयी राष्ट्र में जारी अशांति के बीच नेपाल की जेलों से भागकर भारत-नेपाल सीमा पर विभिन्न चौकियों के माध्यम से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।

इससे पहले राष्ट्रपति पौडेल ने जेन-जी की सभी मांगें मानने का एलान किया और शुक्रवार रात नौ बजे कार्की को शपथ भी दिला दी। कार्की के नाम पर बृहस्पतिवार देर रात एक बजे ही सहमति बन गई थी। अलबत्ता संसद भंग करने पर एकराय नहीं बन पा रही थी। जेन-जी संसद भंग करने पर अड़े हुए थे। राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में शुक्रवार को दोपहर दो बजे से शाम साढ़े सात बजे तक चली उच्चस्तरीय बैठक के बाद संसद भंग करने और कार्की को शपथ दिलाने का एलान किया गया। कार्की देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रही हैं और अब पहली महिला प्रधानमंत्री बनकर उन्होंने इतिहास रच दिया।

इससे पहले, राजनीतिक गतिरोध खत्म करने के लिए राष्ट्रपति पौडेल एवं सेना प्रमुख अशोकराज सिगडेल के नेतृत्व में हितधारकों के बीच बैठकों के कई दौर हुए। इनमें वर्तमान मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मानसिंह राउत और आंदोलनकारी जेन-जी के प्रतिनिधि शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, सेना प्रमुख सिगडेल ने राष्ट्रपति को आपातकाल लगाने की सलाह दी है। माना जा रहा है कि कैबिनेट की पहली बैठक में इस पर निर्णय हो सकता है। 

Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion
नेपाल में कैबिनेट विस्तार पर नजर – फोटो : PTI

राष्ट्रपति ने जेन-जी के प्रतिनिधियों के समक्ष संविधान के अनुच्छेद 61(4) का उपयोग करते हुए कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री एवं नई कैबिनेट बनाने और चुनावों की घोषणा का प्रस्ताव रखा। राष्ट्रपति ने एक ही पत्र से संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा को भंग करने और नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति की घोषणा की, जो नेपाल की राजनीति में अभूतपूर्व घटना है। शपथ के बाद कार्की ने सभी मंत्रालय अभी अपने पास रखे हैं। शनिवार को कैबिनेट विस्तार होने की उम्मीद है।

Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

न्यायपालिका से अवकाश  के आठ साल बाद नई भूमिका
नेपाल में न्यायपालिका की मुखिया रहीं सुशीला कार्की ने अब अवकाश के करीब आठ वर्ष बाद कार्यपालिका की बागडोर संभाली है। बिहार से सटे विराटनगर से कानूनी पेशे से कॅरिअर शुरू करने वाली कार्की ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से राजनीतिशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की थी।

कहा था- पीएम मोदी से बहुत प्रभावित हूं; कार्की को भारत समर्थक माना जाता है…
हाल में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मैं भारतीय नेताओं से बहुत प्रभावित हूं…भारतीय दोस्त मुझे बहन की तरह मानते हैं। मैं मोदीजी को नमस्कार करती हूं। उनके बारे में मेरी धारणा बहुत अच्छी है।

Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

निष्पक्ष चुनाव कराने से लेकर भारत से रिश्ते बेहतर करने की चुनौती

  • कार्की के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। सबसे पहले देश में अमन व कानून-व्यवस्था बहाल करनी होगी। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी व निजी संपत्तियों को निशाना बनाया था। जेन-जी और मौजूदा नेताओं के समूहों से मंत्रिपरिषद बनाना भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं होगा।
  • स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने की भी बड़ी चुनौती है। मौजूदा हालात में सेना का समर्थन भी बनाए रखना होगा। साथ ही, दो अहम पड़ोसियों भारत व चीन के साथ अस्थिर संबंधों को संभालना होगा।
Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की शर्त मानने पर ही हुईं राजी

  • कार्की ने शपथ से पहले शुक्रवार को यह साफ कर दिया था कि वह तभी अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी, जब उन्हें उच्च पदों पर बैठे लोगों के भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच करने दी जाएगी। साथ ही, वह पुलिस के बल प्रयोग के मामलों की भी स्वतंत्र जांच कराएंगी, जिसमें कई प्रदर्शनकारी मारे गए थे।
  • सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति पौडेल एवं राजनीतिक दलाें के नेताओं के साथ बैठक में कार्की ने साफ कहा कि मैं पूरी तरह लाचार रहूं, मेरे हाथ-पैर बंधे रहें, कोई फैसला न ले सकूं, तो ऐसा पद मैं कतई स्वीकार नहीं करूंगी।
Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

मृतक संख्या बढ़कर 51
प्रदर्शन में मृतकों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता विनोद घिमिरे ने बताया कि इनमें काठमांडू घाटी सहित अन्य जिलों में मारे गए लोग शामिल हैं। मृतकों में तीन पुलिसकर्मी और एक भारतीय महिला भी हैं। पहले दिन के प्रदर्शन में 21 लोगों की जान गई थी, जिनमें 9 कैदी थे। बाल सुधार गृह में बंद 5 नाबालिगों की भी मौत हुई।

Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

आगजनी के तीन दिन बाद भी मिल रहे कंकाल
प्रदर्शन के दौरान भाटभटेनी में आगजनी के तीन दिन बाद, शुक्रवार को चार मानव कंकाल मिले हैं। कंकालों की त्वचा और हड्डियां पूरी तरह जली हुई थीं। सुनसरी जिले में प्रदर्शनकारियों के नेता मिलन बंटवा राय ने आगजनी व तोड़फोड़ की बात तो मानी, पर सोशल मीडिया पर कहा, हर जगह मेरा नाम आ रहा है, अकेले ऐसा संभव नहीं था, और भी लड़के हैं।

Nepal Updates: PM Sushila Karki Dissolve Parliament Announces elections on March 5 next year cabinet expansion

क्या कह रहे स्थानीय लोग?

  • लीला लुइटेल ने कहा, ‘हमारी अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की मुख्य अपेक्षाएं हैं- संविधान में संशोधन करके राष्ट्राध्यक्ष को कार्यपालिका बनाना, भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना और अतीत में भ्रष्टाचार में लिप्त रहे सभी लोगों को दंडित करना- चाहे वे नेता हों या कार्यकर्ता।’
  • राम कुमार सिमखड़ा ने कहा, ‘नई सरकार को देश में व्याप्त इन सभी कुरीतियों को मिटाने, देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और अपने-अपने क्षेत्रों के विशेषज्ञ मंत्रिमंडल सदस्यों वाली सरकार बनाने पर काम करना चाहिए- चाहे वे वकील हों, न्यायाधीश हों, शिक्षक हों, डॉक्टर हों। सरकार को मुख्य रूप से शासन में सुधार और भ्रष्टाचार को समाप्त करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। सभी कार्य मुख्य रूप से सुशासन पर केंद्रित होने चाहिए, जिसकी हमें आवश्यकता है।’
  • सुमन सिवाकोटी ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि वह नेपाल में एक नए युग की शुरुआत करेंगी। देश को और संरक्षित करने की आवश्यकता है और उनके नेतृत्व में विकास को भी गति मिलनी चाहिए।’
administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *