घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी; सेंसेक्स 933 अंक टूटा, निफ्टी 23700 के नीचे

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी; सेंसेक्स 933 अंक टूटा, निफ्टी 23700 के नीचे

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लाल निशान पर खुला। वहीं पिछले दिन बुधवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1342.27 अंक गिरकर 76,863.71 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 394.75 अंक गिरकर 23,866.85 अंक पर बंद हुआ था।

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 933.58 अंक या 1.21% गिरकर 75,930.13 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 261.35 अंक या 1.10% गिरकर 23,605.50 अंक पर आ गया। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे गिरकर 92.32 पर आ गया।

ब्रेंट क्रूड का कीमतों में आई तेजी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। आज सुबह वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इससे कुछ दिन पहले ही यह कीमत करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के करीब पहुंच गई थी, जिससे वैश्विक वित्तीय बाजारों और अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।

तेल की कीमतों में 9% से ज्यादा की तेजी तब आई जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यावसायिक जहाजों पर ईरान के हमलों के बाद आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई। वहीं अमेरिकी मानक डब्ल्यूटीआई क्रूड भी उछलकर करीब 95 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।

रिपोर्ट के अनुसार, ये हमले उस संघर्ष के बीच हुए हैं जो 12 दिन पहले शुरू हुआ था। माना जा रहा है कि ईरान वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाकर अमेरिका और इजरायल को युद्ध समाप्त करने के लिए मजबूर करना चाहता है। फिलहाल संघर्ष कम होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

इस बीच ईरान ने खाड़ी के अरब देशों में तेल क्षेत्रों और रिफाइनरियों को भी निशाना बनाया है। साथ ही उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही लगभग रोक दी है। यह मार्ग वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद अहम है, क्योंकि दुनिया में कारोबार होने वाले करीब 20% तेल की आपूर्ति इसी रास्ते से होती है।

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *