पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने अमर उजाला के साथ खास बातचीत में बिहार के सियासी चौसर पर राजनीतिक समीकरण, मुख्यमंत्री का चेहरा कौन? जातिगत गणना की घोषणा के मकसद जैसे सवालों पर विस्तार से बात की। उन्होंने जातिगतण गणना को पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक बताया। शाहनवाज ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, इसमें किसी भी तरह का संशय नहीं होना चाहिए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। पूरा एनडीए एकजुट होकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और बिहार विधानसभा चुनाव में एक बार फिर मजबूत जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर की जा रही सारी बातें अफवाह हैं।
नीतीश कुमार ने हर जातियों के साथ मुसलमानों को भी आगे बढ़ाया
शाहनवाज ने कहा कि नीतीश पिछड़ी जातियों के सबसे बड़े नेता हैं। समकालीन राजनीति में पिछड़ी जातियों के लिए सबसे ज्यादा नीतीश ने काम किया है। राजद ने केवल एमवाई समीकरण की बात की, लेकिन अपने परिवार के अलावा किसी को अवसर नहीं दिया। जबकि नीतीश कुमार ने हर जातियों के साथ मुसलमानों को भी आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा के पास हर पिछड़ी जाति के सबसे बड़े नेता हैं। सम्राट चौधरी के रूप में नीतीश कुमार के बाद दूसरा सबसे बड़ा और विश्वसनीय चेहरा है।
उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा के पास हर पिछड़ी जाति के सबसे बड़े नेता हैं। सम्राट चौधरी के रूप में नीतीश कुमार के बाद दूसरा सबसे बड़ा और विश्वसनीय चेहरा भी हमारे पास है। उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि अपने सभी सहयोगियों के साथ भाजपा इस बार चुनाव में 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार राजद को नेता विपक्ष का पद भी हासिल नहीं होगा।
पाकिस्तान की घातक साजिश बेनकाब हुई
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पहलगाम हमले का लक्ष्य बहुत घातक था। यह कुछ लोगों को मारने की कोशिश मात्र नहीं थी। जिस तरह आतंकवादियों ने लोगों का धर्म पूछकर मारा, उनकी साजिश देश में हिंदुओं-मुसलमानों के बीच बड़ी खाई पैदा करने की थी, लेकिन उनकी यह साजिश कामयाब नहीं हुई। इसके लिए इस देश की जनता को बहुत-बहुत बधाई है कि उसने पूरे देश और कश्मीर में हिंदू-मुसलमान के बीच खाई पैदा करने की कोशिश कामयाब नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि परमाणु संपन्न होने के बाद पाकिस्तान को यह गलतफहमी हो गई थी कि भारत केवल सीमा पर कुछ छुटपुट कार्रवाई करके संतुष्ट हो जाएगा। हमने दिखा दिया कि आतंकवादी अब कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। हमने उनके घर में घुसकर मारा। अब उन्हें इस तरह की गलती दोहराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
कर्नल सोफिया कुरेशी पर भाजपा के कुछ नेताओं की अभद्र टिप्पणियों पर करारा हमला करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी को भी आपत्तिजनक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। इससे पार्टी और देश का सम्मान घटता है। उन्होंने कहा कि अभी यह मामला सर्वोच्च अदालत के अधीन है, लेकिन पार्टी के स्तर पर भी इस पर कठोर रुख अपनाया जाएगा।
पाकिस्तान की हरकत से पूरी दुनिया के मुसलमान शर्मिंदा
भाजपा नेता ने कहा कि पाकिस्तान मुसलमान देश होने की बात करता है, लेकिन आतंकवाद को बढ़ावा देने की उसकी सोच के कारण पूरी दुनिया के मुसलमान शर्मिंदा हैं। दुनिया में सऊदी अरब, जार्डन, इंडोनेशिया जैसे कई और बड़े-बड़े मुसलमान देश हैं, लेकिन कोई भी ऐसी हरकत नहीं करता। दुनिया में कहीं भी आतंकवाद की घटना हो रही है, उसमें कहीं न कहीं पाकिस्तान शामिल अवश्य रहता है। यह पूरी इस्लामी दुनिया को शर्मसार करने वाला है।
पूरा देश-विपक्ष एकजुट
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान इस बार चीन की जो भी फुलझड़ी लेकर आया था, वह सब फ्लॉप साबित हुईं, जबकि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर मारा। इस मामले में हमारा पूरा देश और पूरा विपक्ष एकजुट रहा और यह हमारे देश के लिए गर्व करने वाली बात है। हमने केवल मारा ही नहीं, बल्कि कहकर मारा है। यह पूरा पराक्रम सेना ने किया और पूरे देश के लिए यह गर्व करने वाली बात है।



