देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़ भरे इलाके में, कार में हुए जोरदार धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
दिल्ली धमाके से जुड़ा एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट से जुड़ा एक और नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
दिल्ली नंबर की कार में अपने साथ एक शख्स को ले गई पुलिस
फरीदाबाद के खंदावाली गांव से दिल्ली नंबर की गाड़ी में एक व्यक्ति को पीछे डिग्गी में डालकर टीम अपने साथ ले गई है।
दूसरी कार में भी हो सकता है विस्फोटक
फॉरेंसिक टीम ने खंदावली गांव में मिली आतंकियों की लाल कार की जांच की है। इसमें भी विस्फोटक होने का शक है। एनएसजी की बम स्क्वाड टीम भी पहुंची है।
केंद्र सरकार ने माना, दिल्ली में हुआ था आतंकी हमला
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट को आतंकी घटना मनाया है और साथ ही निंदा प्रस्ताव पारित किया है। मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा पढ़े गए प्रस्ताव में पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। अपराधियों व उनके प्रायोजकों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाने के लिए तत्पर जांच का निर्देश दिए गए हैं।
फरीदाबाद में मिली दूसरी लाल रंग की कार
दिल्ली में हुए धमाके के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिस दूसरी लाल रंग की इको स्पोर्ट कार का इस्तेमाल संदिग्धों द्वारा किया गया था, उसे फरीदाबाद के खंदावली गांव से बरामद कर लिया गया है।
दो लोग आई-20 कार देखने आए: रॉयल कार जोन के डीलर
फरीदाबाद में सेकंड-हैंड कार बेचने वाली कंपनी रॉयल कार जोन के डीलर अमित पटेल ने कहा कि 29 अक्तूबर को हमारे स्टाफ सदस्य सोनू से संपर्क हुआ। दो लोग आई-20 कार देखने आए, उन्हें पसंद आई। उन्होंने भुगतान किया और उसी दिन कार ले गए। ग्राहकों में से एक का नाम आमिर राशिद था और मुझे दूसरे व्यक्ति का नाम नहीं पता। कार आमिर राशिद के नाम पर पंजीकृत थी। जिस दिन दिल्ली में यह विस्फोट हुआ। सोनू को दिल्ली से एक कॉल आया जिसमें सभी दस्तावेज तैयार रखने के लिए कहा गया था। ताकि एक टीम जल्द ही उन्हें लेने पहुंच सके। उसी रात, एक टीम यहां पहुँची और हमने उन्हें सभी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज दिए। पुलिस अब जांच कर रही है कि आमिर राशिद की आईडी पुलवामा की थी।
कहां है वो लाल रंग की कार
दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए कार विस्फोट में संदिग्धों के पास हुंडई i20 के अलावा लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी थी। दिल्ली पुलिस ने सभी थानों और सीमा चौकियों को अलर्ट कर पांच टीमों से तलाश शुरू की, यूपी-हरियाणा को भी सूचित किया गया।
अस्पताल में पीएम मोदी ने घायलों का हाल-चाल जाना
भूटान से लौटते ही प्रधानमंत्री मोदी सीधे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और दिल्ली में हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिले। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल के अधिकारियों और डॉक्टरों ने भी उन्हें स्थिति की जानकारी दी। पीएम ने कहा, ‘इस साजिश के पीछे जो लोग हैं उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा, दो भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’
फिर अल फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची जम्मू-कश्मीर पुलिस
जम्मू एंड कश्मीर पुलिस फिर अल फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची है। इससे पहले हरियाणा पुलिस की एक टीम यूनिवर्सिटी पहुंची थी। वहीं, यूपी एटीएस और दिल्ली स्पेशल सेल की टीम अल फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची थी।



