प्रयागराज में महाकुंभ के त्रिवेणी संगम पर बड़ी संख्या में लोग ठंड के मौसम में डुबकी लगाने के लिए जमा हो रहे हैं। आईएमडी ने आज से शुरू होने वाले तीन दिनों के लिए प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है।
बीते कई दिनों से मिली कड़ाके की ठंड से राहत अब खत्म हो रही है। धीरे-धीरे मौसम फिर से करवट लेने लगा है। उत्तर भारत एक बार फिर शीतलहर की चपेट में है। ऐसे ही दिल्ली में बीते दिन चार दिनों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। गिरावट गुरुवार से दर्ज की जा रही है, उस दिन राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों की तुलना में मंगलवार सुबह सर्द हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुछ हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। बीते दिन न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 1 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 28 जनवरी से शुरू होने वाले चार दिनों के लिए कोहरे का भी अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक, आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 30 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घने से लेकर बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा मंगलवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई।
इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि AQI 258 दर्ज किया गया। शनिवार को सुबह 8 बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता 191 के साथ मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई थी। इस बीच प्रयागराज में महाकुंभ के त्रिवेणी संगम पर बड़ी संख्या में लोग ठंड के मौसम में डुबकी लगाने के लिए जमा हो रहे हैं। आईएमडी ने आज से शुरू होने वाले तीन दिनों के लिए प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है।