मुंबई एयरपोर्ट पर यात्री से 1.7 करोड़ के हीरे बरामद; कल्याण रेलवे स्टेशन पर 20 किलो गांजा जब्त

मुंबई एयरपोर्ट पर यात्री से 1.7 करोड़ के हीरे बरामद; कल्याण रेलवे स्टेशन पर 20 किलो गांजा जब्त

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने दुबई जा रहे एक यात्री से 50,000 सऊदी रियाल और 1.70 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे जब्त किए। इसे यात्री के हैंडबैग और शरीर के अंदर छिपाया गया था। सीमा शुल्क विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर सीएसएमआईए के कस्टम अधिकारियों ने 652.20 कैरेट के हीरे और विदेशी मुद्रा बरामद की।

कल्याण रेलवे स्टेशन पर 20 किलो गांजा जब्त
मुंबई के कल्याण रेलवे स्टेशन पर दो यात्रियों से कुल 20.86 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जीआरपी ने बताया कि मंगलवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा निवासी मेहताब आलम इरशाद आलम शेख (35) और कर्नाटक के गुलबर्गा निवासी लाल अहमद मोमिन अमीन कोटकी (27) पुरी एक्सप्रेस से उतरे। वे दो असामान्य रूप से बड़े बैग लेकर जा रहे थे और उनका व्यवहार भी संदिग्ध लग रहा था। पुलिस ने बताया कि बैग की जांच करने पर 20.86 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत 4.17 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि शेख और कोटकी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

बीजद प्रमुख नवीन पटनायक गठिया की सर्जरी के लिए मुंबई रवाना
बीजद प्रमुख नवीन पटनायक शुक्रवार को मुंबई के लिए रवाना हो गए। यहां 22 जून को एक निजी अस्पताल में उनकी गठिया की सर्जरी होनी है। उन्हें विदा करने के लिए बड़ी संख्या में वरिष्ठ बीजद नेता और पार्टी कार्यकर्ता यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने सफल सर्जरी और शीघ्र स्वस्थ होने की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में पटनायक ने कहा कि जय जगन्नाथ। चिकित्सा विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार मैं इस महीने की 22 तारीख को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में गठिया सर्जरी की प्रक्रिया से गुजरूंगा। मेरे निजी चिकित्सक डॉ. रमाकांत पांडा मुंबई में इसका समन्वय कर रहे हैं। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद और ओडिशा के मेरे भाइयों और बहनों की शुभकामनाओं के साथ आप सभी की सेवा जारी रखने के लिए जल्द ही लौटने की उम्मीद कर रहा हूं।

पूर्व मंत्री निरंजन पुजारी ने कहा कि ओडिशा के लोग उनसे बहुत प्यार करते हैं और उनसे भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने के लिए हवाई अड्डे पर आए हैं। बीजद नेता प्रफुल्ल सामल ने कहा कि हम भगवान जगन्नाथ से उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं ताकि वह ओडिशा लौट सकें और भाजपा से लड़ने के लिए बीजद को पुनर्जीवित कर सकें और इसे राज्य में नंबर एक पार्टी बना सकें।

मुंबई: कॉलेज की तीसरी मंजिल से छात्रा ने लगाई छलांग, मौत
विलेपार्ले स्थित साठे कॉलेज की एक छात्रा ने संस्थान की तीसरी मंजिल से कूद कर जान दे दी। पुलिस ने बताया, नालासोपारा निवासी संध्या पाठक (21) स्टेटिस्टिक्स तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को वह कॉलेज आई और तीसरी मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। घटना में उसे गंभीर चाटें आईं। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के पास सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। दुर्घटनावश मौत के केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

गौतम नवलखा को नहीं मिली दिल्ली में रहने की अनुमति
एल्गार परिषद-माओवादी संबंध मामले में आरोपी कार्यकर्ता गौतम नवलखा (72) को दिल्ली में रहने की अनुमति देने से एक विशेष एनआईए अदालत ने बृहस्पतिवार को इन्कार कर दिया। विशेष न्यायाधीश चकोर भाविस्कर ने नवलखा की याचिका खारिज करते हुए कहा कि अदालत के क्षेत्राधिकार से बाहर रहने की अनुमति देना अलग बात है और अस्थायी रूप से यात्रा की अनुमति देना अलग। 

अदालत ने नीरव मोदी की 66 करोड़ रुपये की संपत्ति पीएनबी को सौंपने की दी अनुमति
विशेष अदालत ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उनकी बहन पूर्वी मोदी की 66.33 करोड़ रुपये की संपत्ति पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को सौंपने की अनुमति दे दी। यह संपत्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएनबी धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत कुर्क की थी।

पीएनबी ने कोर्ट में इन संपत्तियों की बिक्री या नीलामी से बकाया राशि वसूलने की मांग को लेकर अर्जी दी थी। विशेष जज एवी गुजराथी ने बैंक को निर्देश दिया कि वह हलफनामा दे कि अगर भविष्य में जरूरत पड़ी, तो बेची गई संपत्ति की राशि वापस की जाएगी। पीएनबी के नेतृत्व में बैंकों के समूह ने दावा किया था कि नीरव व उनके सहयोगियों की धोखाधड़ी से उन्हें 8,526 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जबकि, ईडी ने करीब 2,324.97 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *