यूपी में अब 15 जनवरी को खुलेंगे स्कूल, कुछ जिलों में शिक्षकों को बुलाने का दिया गया आदेश; फिर बदला

यूपी में अब 15 जनवरी को खुलेंगे स्कूल, कुछ जिलों में शिक्षकों को बुलाने का दिया गया आदेश; फिर बदला

यूपी के प्राथमिक स्कूलों में आज से शीतकालीन अवकाश शुरू हो गए हैं। यह अवकाश 31 दिसंबर से होते थे। सीएम के आदेश के बाद वह 29 से शुरू हो गए।

परिषदीय विद्यालयों में इस साल दो दिन पहले ही जाड़े की छुट्टी हो गई है। इससे बच्चों के साथ शिक्षकों को भी राहत मिली है। हालांकि, कुछ जिलों ने इस दौरान शिक्षकों को बुलाने का आदेश दिया था लेकिन निदेशालय की सख्ती के बाद उन्हें अपना आदेश संशोधित करना पड़ा।

परिषदीय विद्यालयों में जाड़े की छुट्टियां यूं तो 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक होती हैं लेकिन इस बार भीषण शीतलहर को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने 29 दिसंबर से एक जनवरी तक 12वीं तक के विद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया है। इस तरह विद्यालयों में दो दिन पहले ही जाड़े की छुट्टियां हो गई हैं। 

अब स्कूल सीधे 15 जनवरी को खुलेंगे। अमेठी, प्रतापगढ़ जैसे कुछ जिलों ने छुट्टियों में शिक्षकों को विद्यालय आने और आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए थे। मामला बेसिक शिक्षा निदेशालय के संज्ञान में आया और वहां के कड़े निर्देश के बाद इन जिलों ने भी अपने यहां संशोधित आदेश जारी कर दिया। इससे शिक्षकों को भी इस कड़ी ठंड में स्कूल जाने से राहत मिल गई है। अब वे भी सीधे 15 जनवरी को विद्यालय जाएंगे।

 प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में सुबह कोहरे का असर रहा। कानपुर में सुबह दृश्यता शून्य दर्ज की गई तो वहीं कई अन्य जिलाें में भी 100 मीटर से कम दृश्यता रही। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।

पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जगह घना से अधिक घना कोहरा रहा और लोग ठंड से कांपते नजर आए। ऐसा ही मौसम मंगलवार को भी रहने के आसार हैं और संभाग में कई जगह शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है। 

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, सोमवार सुबह कानपुर में शून्य दृश्यता के साथ ही आगरा में दृश्यता 30 मीटर, अलीगढ़ और मेरठ में 40 मीटर, हरदोई में 60 मीटर, फतेहपुर में 70 मीटर और बिजनौर व नजीबाबाद में 80 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मंगलवार को कई अन्य जिलों में तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट के साथ घने कोहरे के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी और फतेहपुर में 8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बुलंदशहर और हरदोई में 8.5 डिग्री और मेरठ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *