17.29 करोड़ के जाली नोट: नकली करेंसी रख असली कर ली चोरी, कहां छपवाए नोट, कैसे किया खेल; राज खोलेगा अमित कुमार

17.29 करोड़ के जाली नोट: नकली करेंसी रख असली कर ली चोरी, कहां छपवाए नोट, कैसे किया खेल; राज खोलेगा अमित कुमार

सहारनपुर की सोफिया मार्केट स्थित पीएनबी की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 17.29 करोड़ के जाली नोट मिले। बैंक के तीन अधिकारियों के खिलाफ नोडल अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। एक आरोपी अमित कुमार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया, बाकी की तलाश की जा रही है। 

सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से असली करेंसी गायब करने और नकली नोट रखने की साजिश में आरोपी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार ने अहम भूमिका निभाई। अब जैसे-जैसे पूछताछ होगी, वैसे-वैसे नेटवर्क की परतें खुलती चली जाएंगी। इसके अलावा उन बैंककर्मियों की भी टेंशन बढ़ गई है, जो फरार चल रहे हैं।

पीएनबी की करेंसी चेस्ट में नकली नोट रखने के तार कहां तक जुड़े हैं, इसकी जांच एनआईए कर रही है। मुख्य आरोपी अमित कुमार लखनऊ से गिरफ्तार हो चुका है, जबकि मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे और करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिशें दी जा रही हैं। कड़ी से कड़ी जोड़कर टीमें पीछा कर रही हैं। उनकी गिरफ्तारी होने से पूरे मामले का राजफाश हो जाएगा। 

यह भी पता चलेगा कि नकली नोटों की छपाई स्थानीय स्तर पर कराई गई थी या दूसरे राज्य में। हालांकि, एनआईए की टीम मुख्य आरोपी अमित कुमार से भी छपाई को लेकर जानकारी लेगी। इतना ही नहीं, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने के बाद टीम उनकी प्रॉपर्टी की भी जांच कर सकती है। जाली नोट की जगह असली नोटों से प्रॉपर्टी खरीदी गई होगी। प्रॉपर्टी कहां-कहां खरीदी गई, यह पता लगाया जाएगा। 

एनआईए ने लखनऊ से दबोचा आरोपी अमित कुमार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में नकली नोटों की साजिश के मामले में नामजद मुख्य आरोपी बैंक अधिकारी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एनआईए के लखनऊ थाने में इसकी एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। अब जाली नोटों के स्रोत से भी पर्दा उठेगा।

तीनों प्रबंधकों को कर दिया था निलंबित
पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे ने मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे निवासी अंबेडकर कॉलोनी सहारनपुर, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा निवासी नवीन नगर और करनाल मंडल में खेरा बाजार जगाधरी की करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार निवासी अंसल टाउन जगाधरी यमुनानगर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके साथ ही उन्हें निलंबित भी कर दिया गया था।

प्रबंधकों के अलावा चार अन्य कर्मचारियों की भी तलाश
इसके बाद से इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एनआईए, एसआईटी और पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पीएनबी के चार अन्य कर्मचारियों की भी तलाश चल रही है, जो इन आरोपियों के संपर्क में थे। एनआईए ने तीन सितंबर को अपने थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद एनआईए की टीम ने करनाल मंडल में खेरा बाजार जगाधरी की करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

कौन-कौन खेल में शामिल, पूछताछ में चलेगा पता
एनआईए जल्द इस पूरी साजिश का खुलासा करेगी। टीम पता लगाएगी कि नकली नोट करेंसी चेस्ट कैसे पहुंचे और उनके साथ इस मामले में और कौन-कौन बैंककर्मी शामिल हैं। पता यह भी लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी असली करेंसी को कैसे गायब किया गया। रकम को कैसे ठिकाने लगाया गया। इसका भी पता लगाया जाएगा। फिलहाल एनआईए की टीम एक-एक बिंदु पर गहनता से जांच में जुटी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *