वेनेजुएला पर नरमी, ग्रीनलैंड-नाटो पर सख्ती; ट्रंप सरकार 2.0 के एक साल पूरा होने पर नए संकेत, बताया अद्भुत

वेनेजुएला पर नरमी, ग्रीनलैंड-नाटो पर सख्ती; ट्रंप सरकार 2.0 के एक साल पूरा होने पर नए संकेत, बताया अद्भुत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के साथ बदलते संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि अब यह देश अमेरिका के लिए सहयोगी बन गया है और वहां तेल निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने आठ युद्धों को खत्म करने और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत करने का दावा किया। अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर सरकार की उपलब्धियों पर ट्रंप ने क्या- क्या कहा, पढ़िए-

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर अपनी नीति में बदलाव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका इस दक्षिण अमेरिकी देश के साथ सहयोग को लेकर सकारात्मक रुख है। ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला ने अमेरिका के लिए अपनी जेलें खोल दी थीं, यही कारण था कि पहले वह वेनेजुएला के प्रति सख्त थे। उन्होंने कहा, अब मैं वेनेजुएला को पसंद कर रहा हूं। वे हमारे साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। कुछ दिन पहले एक महिला ने भी एक अविश्वसनीय काम किया, शायद हम उन्हें इसमें शामिल कर सकते हैं। 

वेनेजुएला को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने कहा, उदाहरण के तौर पर वेनेजुएला को लें। उन्होंने अपनी जेलें अमेरिका के लिए खोल दी थीं। यही एक बड़ा कारण था कि मैं वेनेजुएला के खिलाफ इतना सख्त था। अब मैं वेनेजुएला को पसंद कर रहा हूं। वे हमारे साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। मैं कहना चाहूंगा कि एक बेहद शानदार महिला (मारिया कोरिना मचाडो) ने भी कुछ दिन पहले एक बहुत ही अविश्वसनीय काम किया। शायद हम उन्हें भी इसमें शामिल कर सकते हैं। तेल कंपनियां वहां बड़े पैमाने पर निवेश करने की तैयारी कर रही हैं। उनके पास सऊदी अरब से भी ज्यादा तेल है। 

दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर क्या कहा?

  • राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर संबोधन दिया।
  • उन्होंने कहा कि 20 जनवरी उनकी सरकार की पहली वर्षगांठ है और यह समय बेहद अद्भुत रहा है।
  • ट्रंप ने दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि उनकी सरकार की उपलब्धियां इतनी हैं कि उन्हें पढ़ने में एक हफ्ता लग सकता है।
  • उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन ने किसी भी अन्य सरकार की तुलना में कहीं ज्यादा काम किया है।
  • ट्रंप के मुताबिक उनकी सरकार ने सैन्य क्षेत्र में बड़े फैसले लिए हैं।
  • उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने कई युद्ध खत्म किए और लंबे समय से चले आ रहे युद्धों को पूरा किया।

टैरिफ के मुद्दे पर ट्रंप ने क्या कहा?
आयात शुल्क (टैरिफ) को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मुझे नहीं पता कि सुप्रीम कोर्ट क्या फैसला करेगा। टैरिफ शायद लाइसेंस से कम कठोर है। मुझे तो यह भी नहीं पता कि वहां कोई मामला बनता है या नहीं, लेकिन हमने सैकड़ों अरब डॉलर जुटाए हैं और अगर हम वह मामला हार जाते हैं तो संभव है कि हमें वह पैसा वापस करना पड़े। मुझे नहीं पता कि यह लोगों को नुकसान पहुंचाए बिना आसानी से कैसे हो पाएगा। लेकिन हम उस मामले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टैरिफ के कारण हमारे पास जबरदस्त राष्ट्रीय सुरक्षा है और बड़ी आय भी है। 

आठ युद्ध रोकने का दावा फिर दोहराया
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, मैंने 10 महीनों में आठ ऐसे युद्ध खत्म कर दिए, जिन्हें खत्म न किया जा सकने वाला माना जाता था। पाकिस्तान और भारत सच में एक-दूसरे पर हमलावर थे। आठ विमान गिराए गए थे। मेरी राय में वे परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां आए थे और उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक करोड़ लोगों की जान बचाई और शायद उससे भी कहीं ज्यादा। 

ट्रंप ने कहा, हमारे देश को वेनेजुएला और ईरान पर कार्रवाई करने पर गर्व है। उनकी परमाणु क्षमता पूरी तरह खत्म कर दी गई। कासिम सुलेमानी, जो रोडसाइड बम (आईईडी) का जनक था और अल बगदादी, जो आईएसआईएस का जनक था, आईएसआईएस को फिर से खड़ा कर रहे थे। हमने उन्हें खत्म कर दिया। शानदार काम किया है। 

ग्रीनलैंड पर आपात बैठक को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस हफ्ते पेरिस में यूरोपीय नेताओं के साथ एक आपात बैठक बुलाने का प्रस्ताव रखा था, ताकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को खरीदने की योजना और टैरिफ को लेकर तनाव को सुलझाया जा सके। ट्रंप ने कहा कि वह इस बैठक में शामिल नहीं होंगे, इसका एक कारण यह भी है कि मैक्रों बहुत लंबे समय तक अपने देश का नेतृत्व नहीं करेंगे। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *