नीट छात्रा का अपहरण कर 16 दिन बंधक बनाया, नशीले इंजेक्शन लगाए, दुष्कर्म के साथ सिगरेट से दागा

नीट छात्रा का अपहरण कर 16 दिन बंधक बनाया, नशीले इंजेक्शन लगाए, दुष्कर्म के साथ सिगरेट से दागा

नीट की तैयारी कर रही छात्रा को कार सवार दबंगों ने अगवा कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। नशीले इंजेक्शन दिए और सिगरेट से दागा। कोर्ट में पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

महोबा जिले में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा के अपहरण व दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर नशीले इंजेक्शन दिए, बेरहमी से पीटा और सिगरेट से उसके हाथ को दागा। शरीर पर कई जगह चाकू के निशान भी मिले।

यही नहीं भाई की हत्या की धमकी देकर उस पर जबरन शादी का दबाव भी बनाया। पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जबकि शेष की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती महोबा शहर में किराये का कमरा लेकर नीट की तैयारी कर रही थी।

दो-तीन युवकों ने जबरन उसे कार में खींच लिया
पीड़िता के अनुसार 30 अप्रैल की शाम वह लाइब्रेरी से लौट रही थी। तभी रास्ते में चार पहिया वाहन सवार कुछ युवक उसके पास पहुंचे। आरोप है कि दो-तीन युवकों ने जबरन उसे कार में खींच लिया, जबकि अन्य आरोपी वाहन के अंदर बैठे रहे। इसके बाद उसे अज्ञात स्थानों पर ले जाया गया।

पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला
वहीं बेटी से संपर्क न होने पर उसकी मां ने शहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला। सात मई को युवती की मां ने पठा लवकुश नगर निवासी मोहित, अंकित और संतराम के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।

छात्रा को खोज लिया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे
मां ने बताया कि आरोपी पहले भी उसकी बेटी से छेड़छाड़ कर चुके हैं जिसकी रिपोर्ट महिला थाना छतरपुर में दर्ज है। 16 मई को पुलिस ने छात्रा को खोज लिया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। अगले दिन संपूर्ण समाधान दिवस में परिजन ने पुलिस पर बयान दर्ज करने में लापरवाही और आरोपी पक्ष को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

कई दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट व दुष्कर्म
इसके बाद पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। पीड़िता ने कोर्ट में बताया कि अपहरण के बाद रास्ते में उसे नशीले इंजेक्शन लगाए गए, जिससे वह बेसुध हो गई। आरोपियों ने कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म किया।

शरीर पर सिगरेट से दागने व चाकू के निशान
13 मई को उसे प्रयागराज ले जाया गया, जहां एक आरोपी ने मोबाइल में उसके भाई की तस्वीर दिखाकर धमकी दी कि यदि उसने शादी नहीं की, तो उसके भाई की हत्या करा दी जाएगी। पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसके फोटो और वीडियो भी बनाए। उसके शरीर पर सिगरेट से दागने व चाकू के निशान मौजूद हैं।

युवती के बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए हैं। इसमें कई लोगों के नाम सामने आए हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिन्हें शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। अन्य आरोपियों की गिरफ्तार के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत चार टीमों का गठन किया गया है।  -वंदना सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, महोबा

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *