पिछले सप्ताह शेयर बाजार में गिरावट के चलते देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 1.25 लाख करोड़ रुपये घट गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान हुआ। वहीं एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई के मार्केट कैप में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह शेयर बाजार में कमजोरी का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में गिरावट के बीच देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में कुल 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी दर्ज की गई। सबसे बड़ा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ।
एक सप्ताह में कितना गिरा शेयर बाजार?
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 532.40 अंक यानी 0.71 प्रतिशत और निफ्टी 181.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत गिर गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव का प्रमुख कारण रही। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में सुधार जैसे सकारात्मक संकेत भी मिले, लेकिन मानसून की प्रगति को लेकर चिंताओं ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ, जिसका बाजार पूंजीकरण 39,718 करोड़ रुपये घटकर 17.47 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 20,134 करोड़ रुपये कम होकर 7.95 लाख करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल को 18,736 करोड़ रुपये, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को 16,880 करोड़ रुपये और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को 14,610 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं बजाज फाइनेंस के बाजार मूल्य में 9,681 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मूल्यांकन में 5,909 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में तीन कंपनियों ने हासिल की बढ़त
दूसरी ओर, तीन कंपनियों ने बाजार में बढ़त हासिल की। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 12,692 करोड़ रुपये बढ़कर 9.02 लाख करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 4,484 करोड़ रुपये बढ़कर 9.05 लाख करोड़ रुपये और एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 4,101 करोड़ रुपये बढ़कर 11.50 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। सप्ताह के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।



