शुरू होने से महज 10 मिनट पहले रद्द हो गई एमएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा, ओएमआर शीट में पाई गई गड़बड़ी

शुरू होने से महज 10 मिनट पहले रद्द हो गई एमएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा, ओएमआर शीट में पाई गई गड़बड़ी

जेकेबोपी की अध्यक्ष प्रो. मीनू महाजन ने कहा परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जम्मू-कश्मीर में रविवार को एमएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा शुरू होने से महज 10 मिनट पहले रद्द कर दी गई। परीक्षा केंद्रों पर ओएमआर शीट खोली गई तो इसमें परीक्षार्थियों के नाम और रोल नंबर में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपीईई) ने पूरी परीक्षा रद्द कर दी।

परीक्षा रद्द होने से कुल 513 अभ्यर्थी प्रभावित हुए। श्रीनगर के एसपी कॉलेज में 348 और जम्मू के कॉमर्स कॉलेज में 165 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होनी थी। दोनों की केंद्रों में परीक्षा के लिए अभ्यर्थी और उनके अभिभावक सुबह से ही जुटना शुरू हो गए थे। कई छात्र जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के जिलों से लंबा सफर तय करके आए थे।

जेकेबोपी के अनुसार तय प्रक्रिया के तहत परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले पर्यवेक्षकों, निरीक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीलबंद परीक्षा सामग्री खोली गई। इसी दौरान पता चला कि कई ओएमआर शीट पर छपे नाम और रोल नंबर संबंधित अभ्यर्थियों के विवरण से मेल नहीं हो रहे थे।

जेकेबोपी की अध्यक्ष प्रो. मीनू महाजन ने बताया कि प्रत्येक ओएमआर शीट पर संबंधित अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और फोटो छपा होता है लेकिन इसका संबंधित परीक्षार्थी के विवरण से मिलान नहीं हो पा रहा था। रविवार परीक्षा से पहले ये गड़बड़ी पकड़ में आ गई। यह गड़बड़ी प्रिंटिंग के स्तर पर हुई है। इस गड़बड़ी के साथ परीक्षा करा दी जाती तो कॉपियों को जांचने और परीक्षाण परिणाम में बड़ी दिक्कत आती। पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए एक ही मेरिट लिस्ट बनती है। परीक्षा को किसी एक केंद्र पर रोकना और दूसरे पर कराना मुमकिन नहीं था। ऐसे में पूरी परीक्षा को रद्द करना ही एकमात्र रास्ता था।

मामले की होगी जांच, अलग से जारी होगी अधिसूचना
जेकेबोपी की अध्यक्ष प्रो. मीनू महाजन ने कहा परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। पता लगाया जाएगा कि छपाई में गलती कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। इन पर कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के बाद परीक्षा की नई तिथि को लेकर अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी।

चेयरमैन ने विद्यार्थियों से मिलकर जताया दुख
अचानक परीक्षा रद्द होने से दूरदराज के इलाकों से आए छात्र बेहद परेशान और निराश दिखे। छात्रों की परेशानी को देखते हुए जेकेबोपीईई की चेयरपर्सन प्रो. मीनू महाजन ने खुद श्रीनगर के एसपी कॉलेज परीक्षा केंद्र का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद विद्यार्थियों से बात की और उनकी चिंताओं को सुना। उन्होंने कहा, मैं समझ सकती हूं कि इस फैसले से छात्रों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने परीक्षा के लिए कड़ी तैयारी की थी और यहां तक पहुंचने के लिए पैसे भी खर्च किए थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *