श्रीलंका ने पाकिस्तान को किया बाहर: सेमीफाइनल में चार विकेट से हराया; भारत से 13 सितंबर को खिताबी मुकाबला

श्रीलंका ने पाकिस्तान को किया बाहर: सेमीफाइनल में चार विकेट से हराया; भारत से 13 सितंबर को खिताबी मुकाबला

दुबई में खेले गए सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का ऑलराउंडर प्रदर्शन बेकार गया। उन्होंने नाबाद 47 रन बनाने के अलावा चार विकेट भी लिए।

महिला एशिया कप टी20 के सेमीफाइनल में श्रीलंका का सामना पाकिस्तान से हुआ। यह मुकाबला दुबई में खेला गया। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पाकिस्तान की कमान फातिमा सना संभाल रही थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने 131 रन का लक्ष्य रखा था। श्रीलंका ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।अब श्रीलंका का सामना 13 सितंबर को दुबई में होने वाले फाइनल में भारत से होगा। श्रीलंका की टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है और शानदार फॉर्म में है। 

फातिमा का ऑलराउंड प्रदर्शन बेकार गया
फातिमा सना का ऑलराउंड प्रदर्शन बेकार गया। उन्होंने नाबाद 47 रन बनाने के अलावा चार विकेट भी लिए। एक वक्त श्रीलंका ने 33 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहरी ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद पाकिस्तान के लिए मैच में वापसी करना मुश्किल हो गया।

श्रीलंका की पारी

  • श्रीलंका को दूसरे ओवर में पांच के स्कोर पर पहला झटका लगा। चमारी अटापट्टू पांच रन बनाकर फातिमा सना का शिकार बनीं।
  • अटापट्टू को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर फातिमा ने संजना कविंदी को पवेलियन भेजा। वह खाता नहीं खोल सकीं।
  • श्रीलंका को तीसरा झटका 31 के स्कोर पर छठे ओवर में लगा। हसिनी परेरा को सादिया इकबाल ने आउट किया। वह तीन रन बना सकीं।
  • श्रीलंका को चौथा झटका 33 के स्कोर पर लगा। इमेशा दुलानी को उम ए हानि ने मुनीबा के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंद में चार चौके की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुईं।
  • श्रीलंका को पांचवां झटका 100 के स्कोर पर लगा। फातिमा सना ने हर्षिता समरविक्रमा को शावाल के हाथों कैच कराया। वह 31 गेंद में दो चौके की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुईं।
  • श्रीलंका को छठा झटका 109 के स्कोर पर लगा। फातिमा ने कविशा दिलहरी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 33 गेंद में 33 रन बना सकीं।

पाकिस्तान को फातिमा ने संभाला
इससे पहले पाकिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 130 रन बनाए थे। फातिमा सना ने कप्तानी पारी खेलते हुए 36 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन जड़े। वहीं, तुबा हसन 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 24 गेंद में 38 रन की नाबाद साझेदारी हुई। पाकिस्तान ने 92 पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे और 17 ओवर तक टीम का स्कोर पांच विकेट 96 रन था। इसके बाद फातिमा सना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।

पाकिस्तान की पारी

  • पाकिस्तान को दूसरे ही ओवर में झटका लगा। सुगंधिका कुमारी ने मुनीबा अली को निलाक्षिका के हाथों कैच कराया। वह दो रन बना सकीं।
  • इसके बाद पांचवें ओवर में 29 के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। अटापट्टू ने शावाल जुल्फिकर को कौशानी के हाथों कैच कराया। शावाल 16 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बना सकीं।
  • 37 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। चमारी अटापट्टू ने आएशा जफर को कौशानी के हाथों कैच कराया। आएशा सात रन बना सकीं।
  • पाकिस्तान को चौथा झटका 10वें ओवर में 52 के स्कोर पर लगा। चामुड़ी प्रबोदा ने सदफ शमस को स्टंप आउट कराया। वह आठ रन बना सकीं। 
  • पाकिस्तान को 92 के स्कोर पर 16वें ओवर में पांचवां झटका लगा। गुल फिरोजा को चामुडी प्रबोदा ने अटापट्टू के हाथों कैच कराया। वह 32 गेंद में एक चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

  • श्रीलंका: इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), संजना कविंदी, हर्षिता समरविक्रमा, हासिनी परेरा, कविशा दिलहरी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या।
  • पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एमान फातिमा, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी, नशरा संधू, सादिया इकबाल।
administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *