तेलंगाना: 10 रुपये के छुट्टे पर शुरू हुए विवाद ने लिया खूनी मोड़, हैदराबाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या

तेलंगाना: 10 रुपये के छुट्टे पर शुरू हुए विवाद ने लिया खूनी मोड़, हैदराबाद में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या

हैदराबाद के वट्टापल्ली इलाके में मामूली पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। रविवार शाम एक ऑटो चालक मोहम्मद मुकर्रम के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी जान चली गई। एआईएमआईएम विधायक मोहम्मद मुबीन ने आरोप लगाया कि 10 रुपये के खुले पैसे को लेकर विवाद के बाद अजीम ने कुछ लोगों को बुलाया और चालक के साथ मारपीट की।

तेलंगाना के हैदराबाद में 10 रुपये के खुले पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद एक ऑटो चालक की कथित तौर पर कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार शाम राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र के वट्टापल्ली में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय एआईएमआईएम नेता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।

बहादुरपुरा से एआईएमआईएम विधायक मोहम्मद मुबीन ने मृतक की पहचान मोहम्मद मुकर्रम के तौर पर की। उन्होंने कहा, “यह घटना राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र के वट्टापल्ली में हुई। इसी इलाके के रहने वाले मोहम्मद मुकर्रम नाम के ऑटो चालक की कल रात बेरहमी से हत्या कर दी गई।”

10 रुपये किराया मांगने पर पकड़ाया था 200 का नोट
विधायक ने घटना का सिलसिलेवार ब्योरा देते हुए आरोप लगाया कि विवाद मामूली खुले पैसों को लेकर शुरू हुआ था। उन्होंने कहा, “विवाद केवल 10 रुपये के खुले पैसे को लेकर था। उसने 10 रुपये के किराये के लिए 200 रुपये का नोट दिया था। अजीम नाम के एक व्यक्ति ने, जो खुद को समाचार संवाददाता बताता है, उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उसने छह से आठ साथियों को बुलाया और उसकी पत्नी तथा बच्चों के सामने सड़क के बीच में पीट-पीटकर हत्या कर दी।”

मुबीन ने आगे आरोप लगाया, “अजीम, शोएब और उनके साथी इलाके में उपद्रव करने वाले लोगों के रूप में जाने जाते हैं और पूरे वट्टापल्ली इलाके में हंगामा कर रहे हैं। एक महीने में इसी सड़क पर यह दूसरी हत्या है।”

पुलिस ने दर्ज किया मामला
विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “हम राजेंद्रनगर के डीसीपी और हैदराबाद पुलिस आयुक्त से सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, कड़ी कार्रवाई करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की अपील करते हैं। हम मृतक के परिवार के साथ हैं और उनके लिए न्याय की मांग करते हैं।”

राजेंद्रनगर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।” आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *