बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में महुआडीह पहाड़ी के पास घूमने गए एक युवक-युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ है। पीड़ित पक्ष ने कुछ युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट, काफी देर तक रोकने और गाड़ी की चाबी छीनने का आरोप लगाया है।
बिहार के जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज के बाद गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में घूमने गए एक युवक-युवती के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। महुआडीह गांव के पास पहाड़ी इलाके में कुछ युवकों द्वारा कपल को घेरकर गाली-गलौज, मारपीट और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहाड़ी के पास कपल को घेरने का आरोप, वीडियो वायरल
जानकारी के अनुसार, गुरुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक सोमवार दोपहर अपनी एक दोस्त के साथ शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह स्थित पहाड़ी के पास घूमने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं, जो कपल के साथ बहस करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
गाली-गलौज और मारपीट का लगाया आरोप
पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, काफी देर तक दोनों को वहां रोके जाने की बात भी सामने आ रही है। आरोप है कि युवकों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके अलावा गाड़ी के टायर की हवा निकालने और प्लग निकालने की बात भी वीडियो में सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़े होने की चर्चा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक आर्यन नाम से सोशल मीडिया आईडी और ग्रुप चलाते हैं। वायरल वीडियो भी इसी नाम से जुड़े एक ग्रुप से सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और न ही वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान सार्वजनिक की गई है।
पीड़ित से संपर्क कर रही पुलिस
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित युवक के थाने पहुंचकर शिकायत देने की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली- वीडियो और मामले की हो रही जांच
शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़ी सभी जानकारियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।



