बिहार में फिर जमुई जैसी वारदात?: समस्तीपुर में युवती से सरेराह बदसलूकी, वीडियो वायरल; जांच में जुटी पुलिस

बिहार में फिर जमुई जैसी वारदात?: समस्तीपुर में युवती से सरेराह बदसलूकी, वीडियो वायरल; जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड पर एक युवती के साथ कथित अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि युवती सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुकी थी, तभी कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज व बदसलूकी की।

बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर से भी एक युवती के साथ सरेराह कथित अभद्रता का वीडियो सामने आया है। जिला मुख्यालय से महज कुछ किलोमीटर दूर कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड पर फोटो लेने के लिए रुकी युवती को कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर घेरने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बुधवार देर शाम से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हो गई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगतसिंहपुर गांव के पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सड़क किनारे फोटो ले रही थी युवती, तभी वहां पहुंचे युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती एक युवक के साथ बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से उसका नाम-पता पूछते और कथित तौर पर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ गलत तरीके से छूने यानी ‘बैड टच’ करने और उसे सड़क पर खींचने जैसी हरकतें किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित होने लगा।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

बुधवार देर शाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस द्वारा चिह्नित आरोपित युवकों की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास शर्मा और राहुल कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगतसिंहपुर गांव के पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, विकास शर्मा के खिलाफ शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक दो युवकों की पहचान की गई है। अन्य लोगों की भूमिका और घटना में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपितों की पहचान का प्रयास जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो की त्वरित जांच करने और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस वीडियो के स्रोत, घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

वीडियो की सत्यता और घटना के समय की भी हो रही जांच

वायरल वीडियो के आधार पर सामने आए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना वास्तव में कब हुई और वीडियो किस व्यक्ति ने बनाया था। पुलिस वीडियो के स्रोत और उसकी सत्यता की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे।

घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका पर भी उठे सवाल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका भी चर्चा में है। वायरल वीडियो में कथित घटना के दौरान कई लोग आसपास मौजूद दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी के द्वारा विरोध किए जाने की बात सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *