ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय सेनाओं ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। लड़ाकू विमानों, ड्रोन, रॉकेट व मिसाइलों के जरिए पाकिस्तान ने गुरुवार रात 8 से 10 बजे के बीच जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर व जैसलमेर के सैन्य ठिकानों और आयुध केंद्रों पर हमला किया। भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के हमले को नाकाम कर दिया और उसके रडार सिस्टम को तबाह कर दिया।
India Pakistan War: अमित शाह ने बुलाई अहम बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीमा की स्थिति और हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दोपहर 12:30 बजे बैठक करेंगे।
लालकिले आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पंजाब के होशियारपुर में पाकिस्तान द्वारा दागी गई मिसाइल के अवशेष मिले हैं। वहीं दिल्ली में इंडिया गेट, लालकिले आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बीएसएफ ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, 7 आतंकी ढेर
बीएसएफ ने बताया है कि 8-9 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को उन्होंने नाकाम कर दिया। इस दौरान कम से कम 7 आतंकवादियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान की ढांढर चौकी को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
India Pakistan War: भारत ने आकाश मिसाइल सिस्टम से पाकिस्तानी हमला किया नाकाम, रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
भारत ने सतह से हवा में मार करने वाले अपने स्वदेशी मिसाइल सिस्टम आकाश से पाकिस्तानी हमले के नाकाम कर दिया। भारतीय सेना और वायुसेना दोनों ने पाकिस्तानी सीमा पर अपने वायु रक्षा प्रणाली को तैनात किया हुआ है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बुधवार की रात भारत में कई शहरों पर हमले की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
ICAI की परीक्षा स्थगित
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया – ICAI ने ट्वीट किया, ‘देश में तनावपूर्ण, सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, CA फाइनल, इंटरमीडिएट और PQC परीक्षा अंतर्राष्ट्रीय कराधान-मूल्यांकन परीक्षा (INTT AT)] मई 2025 के शेष पेपर 9 मई 2025 से 14 मई 2025 तक स्थगित कर दिए गए हैं।’
जम्मू-उधमपुर से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाने की योजना
भारतीय रेलवे ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है।
हालात की समीक्षा कर रही पंजाब सरकार
पंजाब के सीएमओ ने बताया है कि ‘पंजाब सरकार हालात से निपटने की तैयारी कर रही है। आज मंत्री सीमावर्ती जिलों में आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा करेंगे। अस्पतालों, दमकल केंद्रों, राशन और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करेंगे। कैबिनेट मंत्री सीमावर्ती जिलों में पहुंचेंगे। कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद 10 मंत्री सीमावर्ती इलाकों के लिए रवाना होंगे। मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और डॉ. रवजोत सिंह गुरदासपुर जाएंगे। मंत्री कुलदीप धालीवाल और मोहिंदर भगत अमृतसर का प्रभार संभालेंगे।’
10:14 AM, 09-May-2025
ट्रेन में मिला हथियारों का जखीरा
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की एस्कॉर्ट टीम ने आज ट्रेन नंबर 14620 यूपी त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में नियमित जांच के दौरान आठ देसी पिस्तौल और सोलह मैगजीन बरामद कीं। जब ट्रेन बदरपुर से अगरतला जा रही थी, तब जनरल कोच की ऊपरी बर्थ पर संदिग्ध रूप से पड़े दो लावारिस पिट्ठू बैगों में अवैध हथियारों का जखीरा छिपा हुआ मिला। आगे की जांच जारी है।
भारत-पाकिस्तान तनाव पर चीन का बयान
भारत-पाकिस्तान तनाव पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कल कहा, ‘हमने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रही स्थिति पर कल चीन की स्थिति साझा की है। चीन मौजूदा घटनाक्रमों से चिंतित है। भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे। वे दोनों चीन के पड़ोसी भी हैं। चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है। हम दोनों पक्षों से शांति और स्थिरता के व्यापक हित में काम करने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने, शांत रहने, संयम बरतने और ऐसी कार्रवाई करने से बचने का आग्रह करते हैं जो स्थिति को और जटिल बना सकती है। हम मौजूदा तनाव को कम करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए बाकी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।’
आम नागरिकों को निशाना बना रही पाकिस्तानी सेना
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा(LOC) पर पाकिस्तान द्वारा नागरिक इलाकों को निशाना बनाए जाने के बाद क्षतिग्रस्त दीवारें, टूटी खिड़कियां और ज़मीन पर मलबा पड़ा है।



