आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब जीत लिया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में छह रन से हरा दिया। 18 साल का इंतजार खत्म हो चुका है। आरसीबी की टीम आईपीएल की आठवीं चैंपियन टीम है।
आरसीबी बनी चैंपियन
आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। 18 साल का इंतजार खत्म हो चुका है। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।
बीती रात आरसीबी जैसे ही यह फ़ाइनल जीती, बाउंड्री लाइन से बाहर खड़े इसके पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स दौड़ते हुए मैदान में आकर विराट कोहली से लिपट गए, क्रिस गेल भी आए. कोहली ने इन दोनों से गले मिलते हुए कहा, “यह कप जितना मेरा है उतना ही आप दोनों का भी है.”
हो भी क्यों नहीं, गेल ने आरसीबी के लिए 248 छक्कों समेत 3163 रन तो डिविलियर्स ने 237 छक्कों समेत 4491 रन जो बनाए हैं. विराट ने इन दोनों खिलाड़ियों के साथ मिलकर आरसीबी को कई यादगार जीत दिलाई हैं.
गेल और डिविलियर्स 2011 और 2016 में आरसीबी की उस टीम में थे जो फ़ाइनल तक पहुंची थी. बेशक फ़्रेंचाइज़ी के सबसे महान क्रिकेटर्स की लिस्ट में कोहली का नाम सबसे ऊपर होगा, लेकिन इस सूची में कोहली के ठीक बाद गेल और डिविलियर्स के नाम पर भी कोई दो राय नहीं होगी.
कोहली ने कहा, “जो इन्होंने फ़्रेंचाइज़ी के लिए किया वो बहुत ही ज़बरदस्त रहा है. ये जीत जितनी मेरी है उतनी इनकी भी है. हम ट्रॉफ़ी उठाने का जश्न साथ मनाएंगे. क्योंकि इन्होंने जो आरसीबी के लिए किया वो बहुत ख़ास है. (डिविलियर्स की ओर इशारा करते हुए) इन्हें सबसे अधिक ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ मिले हैं. ये बताता है कि इस टीम में, इस लीग पर और एक शख़्स के रूप में मेरे लिए इनका कितना महत्व रहा है.”
इसके बाद जब रजत पाटीदार ट्रॉफ़ी हासिल कर टीम के साथ सेलिब्रेट कर लेते हैं, तो कोहली, गेल और डिविलियर्स को भी मंच पर बुलाते हैं. उनके साथ ट्रॉफ़ी उठा कर जीत का जश्न मनाते हैं.



