इसरो ने गगनयान मिशन की सर्विस मॉड्यूल प्रप्लशन प्रणाली का हॉट टेस्ट 3 जुलाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। यह परीक्षण तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो प्रप्लशन परिसर में किया गया। दो अलग-अलग परीक्षणों में 30 और 100 सेकंड तक इंजन चलाकर इसकी ताकत और भरोसेमंद डिजाइन को परखा गया।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गगनयान मिशन के लिए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। इसरो ने 3 जुलाई को तमिलनाडु के महेंद्रगिरी स्थित अपने प्रपल्शन कॉम्प्लेक्स में गगनयान सेवा मॉड्यूल प्रप्लशन प्रणाली (एसएमपीएस) के दो ‘हॉट टेस्ट’ सफलतापूर्वक पूरे किए। इन परीक्षणों की अवधि एक बार 30 सेकंड और दूसरी बार 100 सेकंड रही। इनका उद्देश्य यह था कि गगनयान के लिए तैयार की जा रही प्रणाली की संरचना और कार्यक्षमता की जांच की जा सके। यह परीक्षण गगनयान मिशन की तैयारी का एक अहम हिस्सा था, जिससे यह साबित हुआ कि अंतरिक्ष यात्रा के दौरान प्रप्लशन प्रणाली सही ढंग से काम करेगी। यह सफलता भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन की ओर एक और मजबूत कदम है।



