देखते ही देखते मच गई भगदड़…मची थी चीख पुकार, चली गईं जानें; मंजर याद कर सिहर उठे दुकानदार

देखते ही देखते मच गई भगदड़…मची थी चीख पुकार, चली गईं जानें; मंजर याद कर सिहर उठे दुकानदार

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर रविवार की सुबह नौ बजे करंट लगने की अफवाह से भगदड़ मच गई। हादसे में एक 12 साल के बालक सहित आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। 

हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर हुए हादसे के बाद आसपास के दुकानदार भी सिहर उठे। उनका कहना है देखते ही देखते कुछ ही सेकंड में भगदड़ मच गई। घायलों और मृतकों को उठाकर नीचे लाने के बाद एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। बस चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हादसे के बाद का ये मंजर आंखों में ही तैर रहा है।

स्थानीय दुकानदार विनोद पहलवान का कहना है कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे की ये घटना है। जैसे ही भगदड़ हुई रोपवे के कर्मचारियों ने 108 एंबुलेंस को फोन कर जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस पहुंचनी शुरू हो गई। 

उससे पहले ट्रॉली के माध्यम से घायलों को उतारा गया और फिर जिला अस्पताल भिजवाया गया। चीख-पुकार और भगदड़ का वो दृश्य अभी तक जेहन में तैर रहा है। रोहित ने बताया कि घटना होने के बाद जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वह घायलों को उठाकर अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

नितिन ने बताया कि मनसा देवी सीढ़ी मार्ग गेट के पास ये हादसा हुआ। भीड़ अधिक जुटी हुई थी। सीढ़ी मार्ग से घायलों को तुरंत ट्रॉली के माध्यम से उतारा गया। क्योंकि मनसा देवी का गेट लगभग पास में ही था। बताया कि ये मंजर बेहद ही भयावह था। अभी तक आंखों के सामने से हादसे के बाद का मंजर नहीं हट रहा है।

मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़, आठ श्रद्धालुओं की मौत
मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर रविवार की सुबह नौ बजे भगदड़ मच गई। हादसे में एक 12 साल के बालक सहित आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। भीड़ के बीच कुछ दूरी पर फंसे एक चश्मदीद ने भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर रास्ते में दीवारों पर लगी बिजली तारें पकड़ने पर करंट लगने का दावा किया है।

मार्ग पर बनी दीवार पर तारें पकड़कर श्रद्धालु आगे की तरफ बढ़ रहे थे और करंट लगने के बाद भगदड़ मच गई। फरीदाबाद से आए संतोष कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि एक ही मार्ग से लोग आ और जा रहे थे।

डीएम ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर घायलों का हाल जाना। मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक, रविवार सुबह नौ बजे सूचना मिली कि मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर भगदड़ मचने से कुछ लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां आठ श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया।

गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया कि बिजली के तार में करंट आने की अफवाह फैली थी, जिसके बाद भगदड़ मच गई। अभी इसके पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

भगदड़ में इन श्रद्धालुओं की गई जान
-आरूष (12) पुत्र पंकज उर्फ प्रवेश निवासी सौदा बरेली, यूपी
-विक्की पुत्र (18) रिक्का राम सैनी निवासी ग्राम विलासपुर कैमरी रोड नगलिया कला माजरा रामपुर यूपी
-विपिन सैनी (18) पुत्र रघुवीर सिंह सैनी निवासी वसुवाखेरी काशीपुर उत्तराखंड
-शांति (60) पत्नी रामभरोसे बदायूं यूपी
-राम भरोसे (68) पुत्र रघु, दातागंज, जिला बदायूं उत्तर प्रदेश
-वकील (45) पुत्र भरत सिंह निवासी मौहतलवाद जिला बाराबंकी यूपी
-शकल देव (18) पुत्र बेचान निवासी अररिया बिहार
-विशाल (19) पुत्र नंदन मौर्य, रामपुर उत्तर प्रदेश

ये घटना बेहद दुखद है। मजिस्ट्रियल जांच के आदेश हो चुके हैं। मृतकों को दो लाख की आर्थिक सहायता की राशि विवेकाधीन कोष से देने की घोषणा की गई है। इस हादसे को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। कयासबाजी से कोई लाभ नहीं है। सभी को धैर्य रखना चाहिए। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि आखिर ये हादसा कैसे हुआ। अगर कोई दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। – विनय शंकर पांडेय, आयुक्त, गढ़वाल मंडल

प्रथम दृष्टया अफवाह फैलाई गई थी कि बिजली का तार टूटा और करंट फैला है। मगर जिनकी मौत हुई हैं, उनमें करंट जैसी कोई बात सामने नहीं आई। ये अफवाह किसने फैलाई इस पूरे प्रकरण को लेकर मजिस्ट्रियल जांच भी की जाएगी। -मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी, हरिद्वार

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *